गोबरसही में JCB से खुदाई के दौरान PNG पाइप फटने से बड़ा हादसा, एक की मौत
बिहार के मुजफ्फरपुर से इस वक्त बड़ी खबर निकलकर सामने आ रही है। मुजफ्फरपुर के गोबरसही में जेसीबी से खुदाई के दौरान पीएनजी पाइप फटने से बड़ा हादसा हो गया है जिसमें एक की मौत हो गई है जबकि चार लोग घायल बताए जा रहे हैं।

मुजफ्फरपुर : बिहार के मुजफ्फरपुर से इस वक्त बड़ी खबर निकलकर सामने आ रही है। मुजफ्फरपुर के गोबरसही में जेसीबी से खुदाई के दौरान पीएनजी पाइप फटने से बड़ा हादसा हो गया है जिसमें एक की मौत हो गई है जबकि चार लोग घायल बताए जा रहे हैं। सड़क पर नाला निर्माण के लिए हो रही खोदाई के दौरान अचानक गैस पाइपलाइन फट गई। पाइपलाइन से पीएनजी गैस का तेज रिसाव शुरू हो गया। देखते ही देखते गैस में आग भड़क उठी। घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। अनहोनी की आशंका को देखते हुए पूरे इलाके को खाली करा लिया गया।
घटना सदर थाना क्षेत्र के गोबरसही की है
आपको बता दें कि घटना सदर थाना क्षेत्र के गोबरसही की है। पाइपलाइन फटने और आग लगने की सूचना पर स्थानीय पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंच गए। अग्निशमन विभाग की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच रही है। बताया जा रहा है कि नाला निर्माण के लिए खोदाई के दौरान मशीन से गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद तेजी से पीएनजी का रिसाव होने लगा और आग भड़क उठी। सूचना के बाद मौके पर प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची जिसके बाद राहत-बचाव का कार्य शुरू हुआ। हादसा कैसे हुआ अभी यह पता नहीं चला है। कई गाड़ियों के भी क्षतिग्रस्त होने की खबर है। घटना के बाद घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। इसमें से कई लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

आधिकारिक तौर पर एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि की गई है
स्थानीय लोग हादसे में कुछ लोगों की मौत की बात भी कह रहे हैं। हालांकि, आधिकारिक तौर पर एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि की गई है। प्रशासन का कहना है कि जो लोग घायल हुए हैं उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसे की सूचना के बाद घटनास्थल पर जिला प्रशासन के आला अधिकारी पहुंचे। कई एंबुलेस और फायर ब्रिगेड की टीम भी पहुंची जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया।
नाला निर्माण के लिए सोमवार को सड़क की खोदाई चल रही थी
जानकारी के अनुसार, नाला निर्माण के लिए सोमवार को सड़क की खोदाई चल रही थी। इसी बीच जमीन के नीचे बिछी गैस पाइपलाइन फट गई। पीएनजी गैस का रिसाव होने लगा। इस मामले में एसडीओ उत्सव आनंद ने बताया कि सूचना मिली थी कि गैस पाइपलाइन के रिसाव से जान-माल का नुकसान हुआ है। उसी की जांच हम लोग कर रहे हैं। गैस रिसाव को नियंत्रण में कर लिया गया है। अभी स्थिति नियंत्रण में है।
आग पर पाया गया काबू, एक मौत
इस मामले में डीएसपी (फायर ब्रिगेड) प्रज्ञा शरण ने कहा कि गैस पाइपलाइन में ब्लास्ट हुआ था। एक व्यक्ति की मौत की सूचना है। आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया है। घायलों के आंकड़ों को लेकर कहा कि अस्पातल में बात करने पर पता चला है कि पांच-छह लोग जख्मी हुए हैं। बता दें कि 2025 में भी मुजफ्फरपुर के बेला इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 के गेट के पास में इस तरह की घटना हुई थी। जेसीबी से खोदाई के दौरान एलपीजी की पाइपलाइन फट गई थी।
गोबरसही गैस पाइपलाइन हादसे पर डॉ. राजभूषण चौधरी ने जताया शोक, राहत-बचाव कार्य तेज करने के दिए निर्देश
शहर के गोबरसही स्थित श्रीनगर कॉलोनी में गैस पाइपलाइन फटने की घटना पर केंद्रीय जलशक्ति राज्य मंत्री एवं मुजफ्फरपुर के सांसद डॉ. राजभूषण चौधरी निषाद ने गहरी चिंता और शोक व्यक्त किया है। घटना में कई लोगों के हताहत होने की स्थानीय स्तर से गंभीर सूचनाएं प्राप्त हो रही हैं। डॉ. चौधरी ने इस हादसे पर संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद और चिंताजनक है। इस दुर्घटना से प्रभावित सभी परिवारों के प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं हैं।
राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर संचालित किया जाए - डॉ. राजभूषण चौधरी
उन्होंने जिला प्रशासन एवं संबंधित एजेंसियों को त्वरित निर्देश देते हुए कहा कि राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर संचालित किया जाए। घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने तथा प्रभावित परिवारों को तत्काल आवश्यक सहायता प्रदान करने में किसी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए। सांसद ने घटना की निष्पक्ष जांच की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि यदि जांच में सुरक्षा मानकों की अनदेखी अथवा किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है, तो संबंधित दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में प्रशासन और संबंधित एजेंसियों की सर्वोच्च प्राथमिकता प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता, सुरक्षा और बेहतर उपचार उपलब्ध कराना होना चाहिए।
मुजफ्फरपुर से मुकेश चौरसिया की रिपोर्ट











