चाय की चुस्की के साथ आत्मनिर्भरता की मिठास, जीविका दीदियों को भा रही 'महानंदा लीफ'
ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण और उनके लिए आजीविका के नए अवसर सृजित करने की दिशा में जीविका की पहल लगातार सकारात्मक परिणाम दे रही है।

सहरसा : ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण और उनके लिए आजीविका के नए अवसर सृजित करने की दिशा में जीविका की पहल लगातार सकारात्मक परिणाम दे रही है। इसी कड़ी में किशनगंज जिले में जीविका के अंतर्गत संचालित महानंदा जीविका महिला एग्रो प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड द्वारा उत्पादित 'महानंदा लीफ' चाय अब सहरसा जिले में भी अपनी पहचान बना रही है। महानंदा जीविका महिला एग्रो प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड के माध्यम से चायपत्ती का उत्पादन एवं विपणन किया जा रहा है। यह कंपनी जीविका दीदियों के स्वामित्व वाली उत्पादक कंपनी है, जिसके माध्यम से महिलाओं को उत्पादन, व्यवसाय एवं बाजार से जुड़ने का अवसर मिल रहा है।
'महानंदा लीफ' चाय को जीविका के विभिन्न सामुदायिक संस्थानों व संकुल स्तरीय संघों के माध्यम से व्यापक बाजार उपलब्ध कराया जा रहा है
कंपनी द्वारा उत्पादित गुणवत्तापूर्ण 'महानंदा लीफ' चाय को जीविका के विभिन्न सामुदायिक संस्थानों एवं संकुल स्तरीय संघों के माध्यम से व्यापक बाजार उपलब्ध कराया जा रहा है। जिले में भी इस पहल को उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिल रही है। जिले में अब तक कुल 68.60 क्विंटल 'महानंदा लीफ' चायपत्ती पहुंच चुकी है। इसकी गुणवत्ता और स्वाद के कारण जीविका दीदियों के बीच इसकी अच्छी मांग देखी जा रही है। कई स्थानों पर दीदियों ने चायपत्ती पहुंचते ही खरीदारी की, जिससे उत्पाद को हाथोंहाथ स्वीकार्यता मिली है।
सौरबाजार प्रखंड के अंदोली, नादो की जीविका दीदी रोशन देवी बताती हैं कि उन्होंने 'महानंदा लीफ' चाय का उपयोग किया है
सौरबाजार प्रखंड के अंदोली, नादो की जीविका दीदी रोशन देवी बताती हैं कि उन्होंने 'महानंदा लीफ' चाय का उपयोग किया है। यह चाय स्वादिष्ट बनती है और उन्हें इसका स्वाद काफी पसंद आया है। इस पहल से न केवल उत्पादक कंपनी को बाजार विस्तार का अवसर मिल रहा है, बल्कि जीविका के संकुल स्तरीय संघों एवं अन्य सामुदायिक संगठनों की आय में वृद्धि की संभावनाएं भी मजबूत हो रही हैं। साथ ही, स्थानीय स्तर पर महिलाओं को व्यवसाय से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में यह पहल एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है। 'महानंदा लीफ' चाय जीविका दीदियों के सामूहिक प्रयास, उद्यमिता और आर्थिक आत्मनिर्भरता की एक प्रेरक मिसाल बन रही है।
सहरसा से विकास कुमार की रिपोर्ट













