खाद्य संरक्षा विभाग द्वारा लगातार की जा रही कार्रवाई को लेकर स्वास्थ्य मंत्री ने राज्य के खाद्य व्यवसायियों से की अपील
बिहारवासियों को बाजार से स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना हमारी विभागीय प्रतिबद्धता है। और इसे सुनिश्चित करने के लिए हमारे खाद्य संरक्षा विभाग की टीमें लगातार जमीन पर कार्य कर रही हैं।

पटना : बिहारवासियों को बाजार से स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना हमारी विभागीय प्रतिबद्धता है। और इसे सुनिश्चित करने के लिए हमारे खाद्य संरक्षा विभाग की टीमें लगातार जमीन पर कार्य कर रही हैं। लगातार खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी, सैंपल कलेक्शन, खराब सामानों की जब्ती एवं नष्ट करना और प्रतिष्ठानों के विरुद्ध कार्रवाई हो रही है। अब तक नवंबर माह में सैकड़ों प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई हुई है, जिनमें प्रमुख रूप से पटना सिटी में करीब 18 लाख मूल्य का घी जब्त किया गया।
पटना में ही 3 प्रतिष्ठानों से हजारों बोतल पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर जब्त कर नष्ट किया गया - मंत्री निशांत कुमार
मंत्री निशांत कुमार ने कहा कि पटना के ही एक अन्य प्रतिष्ठान से पांच लाख का घी, 1.74 लाख का आटा, पटना के एक कोल्ड स्टोरेज से 6.35 लाख मूल्य के खजूर और इसके अतिरिक्त 13.29 लाख मूल्य की अन्य खाद्य सामग्री जब्त कर नष्ट की गई है। पटना में ही तीन प्रतिष्ठानों से हजारों बोतल पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर जब्त कर नष्ट किया गया व उनके खाद्य लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। जहानाबाद के चार प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई करते हुए 29 लाख से अधिक मूल्य के खाद्य पदार्थ नष्ट किए गए। करीब 2.30 लाख मूल्य की सामग्री जब्त की गई तथा जांच के लिए आठ नमूने लिए गए। मोतिहारी के तीन प्रतिष्ठानों में जांच के दौरान लगभग 27 क्विंटल मिल्क केक एवं डोडा मिठाई सहित विभिन्न खाद्य पदार्थ जब्त कर नष्ट किए गए हैं।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा- मैं पुनः स्पष्ट कर दूं कि यह कार्रवाई सिर्फ त्योहारों तक सीमित नहीं रहेगी
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मैं पुनः स्पष्ट कर दूं कि यह कार्रवाई सिर्फ त्योहारों तक सीमित नहीं रहेगी। इसके लिए मानव संसाधन एवं आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित कर रहे हैं। चार नए खाद्य जांच केंद्रों की स्थापना हेतु प्रयास भी जारी है। मैं प्रदेश के सभी खाद्य व्यवसायी भाइयों से अपील करता हूं कि स्वस्थ बिहार ही विकसित बिहार की बुनियाद है। इंसानों के आहार में गड़बड़ी या मिलावट न सिर्फ गैरकानूनी, अपितु अनैतिक एवं असामाजिक कृत्य है। किसी के स्वास्थ्य को दांव पर लगाकर थोड़ा लाभ हासिल करने का प्रयास अत्यंत अमानवीय और अधार्मिक है। आप सब इससे बचें और बिहार को स्वस्थ बिहार बनाने में हमारी मदद करें।













