खेलगांव में राज्य स्थापना दिवस पखवाड़े का समापन, मुख्यमंत्री ने 9 हजार करोड़ से अधिक की 1,650 योजनाओं की दी सौगात
झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के समापन एवं सरकार के द्वितीय वर्षगांठ के अवसर पर रांची स्थित खेलगांव परिसर में भव्य समारोह का आयोजन किया गया।

रांची : झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के समापन एवं सरकार के द्वितीय वर्षगांठ के अवसर पर रांची स्थित खेलगांव परिसर में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शिरकत की और राज्य के समग्र विकास को गति देते हुए लगभग नौ हजार करोड़ रुपए से अधिक की 1,650 विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया।
1,650 विकास योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण
समारोह के दौरान आधारभूत संरचना, जनकल्याण और क्षेत्रीय विकास से जुड़ी कुल 1,650 योजनाओं की शुरुआत व लोकार्पण किया गया। वही 5,941.86 करोड़ रुपए की लागत से 823 योजनाओं की आधारशिला रखी गई साथ ही 3,155.73 करोड़ रुपए की लागत से 820 योजनाओं का लोकार्पण किया गया। समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि 26 साल का यह युवा झारखंड संघर्ष और अनेक उतार-चढ़ाव को पार करते हुए आज इस मुकाम तक पहुंचा है। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा, सिद्धू-कान्हू, चांद-भैरव, नीलांबर-पीतांबर, कार्तिक उरांव और दिशोम गुरु शिबू सोरेन के संघर्ष, त्याग व बलिदान को नमन करते हुए कहा कि राज्य के सवा तीन करोड़ लोग गर्व से स्वयं को अलग झारखंड राज्य का नागरिक मानते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा- जल, जंगल और जमीन केवल पहाड़, जंगल या नदी-नाले नहीं, बल्कि जीने का आधार हैं
मुख्यमंत्री ने कहा कि जल, जंगल और जमीन केवल पहाड़, जंगल या नदी-नाले नहीं, बल्कि जीने का आधार हैं, जिन्हें संरक्षित कर आने वाली पीढ़ी को बेहतर भविष्य देना होगा। उन्होंने कहा कि झारखंड ने खनिज संपदा से सदियों तक देश और दुनिया को समृद्ध किया, लेकिन दुर्भाग्यवश राज्य के आदिवासी और मूलवासी हक-अधिकार व विकास की दौड़ में पीछे रहे। यह राज्य खून-पसीने से सींचा गया है और अपने हक-अधिकार के लिए कानूनी व राजनीतिक हर संघर्ष के लिए राज्य सक्षम है।
प्रमुख घोषणाएं और जनकल्याणकारी पहल
छात्रावासों में नि:शुल्क भोजन - कल्याण विभाग के आवासीय विद्यालयों एवं छात्रावासों में रहने वाले विद्यार्थियों को सरकार की ओर से भोजन उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है, ताकि विद्यार्थी भोजन की चिंता किए बिना पूरी एकाग्रता से पढ़ाई कर सकें।
महिला सशक्तिकरण व सम्मान राशि - मुख्यमंत्री ने कहा कि 50 लाख से अधिक परिवारों तक प्रतिमाह कम-से-कम 10 हजार रुपए तक की आर्थिक सहायता पहुंच रही है। एक परिवार में एक से अधिक पात्र महिलाएं होने पर भी सभी को सम्मान राशि का लाभ मिल रहा है, जिससे महिलाएं स्वरोजगार और छोटे व्यवसाय की ओर बढ़ रही हैं।
शिक्षा व प्रतियोगी परीक्षाओं में सहयोग - 11वीं के बाद उच्च शिक्षा में प्रवेश के समय आर्थिक कमी से जूझ रहे विद्यार्थियों को सहायता दी जा रही है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मोबाइल और लैपटॉप जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं, वहीं मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों के प्रति अभिभावकों का रुझान बढ़ा है।
स्थानीय उत्पादों को बाजार और जीआई टैगिंग - स्थापना दिवस पखवाड़े में जिलों व सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों से आई महिलाओं के उत्पादों को मंच मिला। हाल ही में दिल्ली ट्रेड फेयर के झारखंड पवेलियन में भी महिला उद्यमियों ने अपने उत्पाद प्रदर्शित किए। स्थानीय उत्पादों को जीआई टैगिंग और ऑनलाइन खरीद-बिक्री की सुविधा से जोड़ा गया है।
विजन 2050 का लक्ष्य - मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में संभावनाओं और संसाधनों की कमी नहीं है। विकास की गति तेज करते हुए वर्ष 2050 तक झारखंड को देश के विकसित एवं अग्रणी राज्यों के समकक्ष खड़ा करना लक्ष्य है।
पुस्तिका विमोचन, फिल्म कर्टेन रेजर और सम्मान समारोह
प्रकाशन व प्रस्तुति - कार्यक्रम में बंदियों के मानवीय व्यवहार पर आधारित पुस्तिका 'The Jharkhand Prison JOURNAL 2025' का विमोचन किया गया। साथ ही वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा निर्मित फिल्म 'अरण्य' के कर्टेन रेजर की प्रस्तुति हुई।
विशिष्ट सम्मान - उत्कृष्ट सेवाओं, वीरता और उत्कृष्ट योगदान के लिए पुलिस पदाधिकारी व जवानों को झारखंड मुख्यमंत्री पदक (वीरता) से अलंकृत किया गया। विभिन्न विभागों में बेहतर कार्य करने वाले पदाधिकारी, कर्मी, खिलाड़ी और कलाकारों को भी सम्मानित किया गया। इसके अलावा मैट्रिक, इंटर व इंजीनियरिंग परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को नकद राशि और लैपटॉप प्रदान किए गए।
विभागीय स्टॉलों का अवलोकन - मुख्यमंत्री एवं अतिथियों ने कार्यक्रम स्थल के पास विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का भ्रमण कर विभागीय उपलब्धियों का अवलोकन किया।
समारोह में इनकी रही उपस्थिति
इस अवसर पर मंत्री राधा कृष्ण किशोर, मंत्री दीपक विरुआ, मंत्री चमरा लिंडा, मंत्री संजय प्रसाद यादव, मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, मंत्री योगेंद्र प्रसाद, मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, राज्यसभा सांसद महुआ माजी, रांची की महापौर रोशनी खलखो, विधायक कल्पना सोरेन, विधायक सुरेश कुमार बैठा, विधायक ममता देवी, झारखंड कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह सहित अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव, सचिव, वरीय पुलिस अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।
रांची से सुजीत कुमार की रिपोर्ट















