बिहटा में FDDI का एक दिवसीय एक्सपोजर विजिट सम्पन्न, बिहार-यूपी और झारखंड के 40 CBSE प्रधानाचार्यों ने लिया हिस्सा
फुटवियर डिजाइन और विकास संस्थान (FDDI), पटना परिसर में 28 नवंबर 2026 को बिहार, उत्तर प्रदेश एवं झारखंड के विभिन्न केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) विद्यालयों के 40 प्रधानाचार्यों का एक दिवसीय एक्सपोजर विजिट आयोजित किया गया।

बिहटा (पटना)। फुटवियर डिजाइन और विकास संस्थान (FDDI), पटना परिसर में 28 नवंबर 2026 को बिहार, उत्तर प्रदेश एवं झारखंड के विभिन्न केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) विद्यालयों के 40 प्रधानाचार्यों का एक दिवसीय एक्सपोजर विजिट आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रधानाचार्यों को कौशल शिक्षा, व्यावसायिक शिक्षा, आधुनिक तकनीक, उच्च शिक्षा के अवसरों तथा संस्थान की शैक्षणिक एवं व्यावहारिक सुविधाओं से अवगत कराना था।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि पटना विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. के.सी. सिन्हा एवं FDDI के कार्यकारी निदेशक नीरज कुमार ने सरस्वती वंदना और दीप प्रज्वलन के साथ किया। इस दौरान प्रो. के.सी. सिन्हा ने अपने संबोधन में कौशल आधारित एवं व्यावसायिक शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान और कौशल विकास से जोड़ना बेहद जरूरी है। इससे युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
वहीं, कार्यकारी निदेशक नीरज कुमार ने अतिथियों एवं प्रधानाचार्यों का स्वागत करते हुए संस्थान की उपलब्धियों और फुटवियर, फैशन एवं रिटेल क्षेत्र में उपलब्ध करियर की संभावनाओं की जानकारी दी।
एक्सपोजर विजिट के दौरान विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्षों ने पाठ्यक्रम, आधुनिक प्रयोगशालाओं और तकनीकी सुविधाओं की जानकारी दी। प्रधानाचार्यों ने संस्थान की प्रयोगशालाओं का भ्रमण कर विद्यार्थियों के प्रायोगिक कार्यों को भी देखा। अंत में प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया। प्रधानाचार्यों ने इस पहल को ज्ञानवर्धक बताते हुए भविष्य में FDDI और CBSE विद्यालयों के बीच शैक्षणिक सहयोग की उम्मीद जताई।
बिहटा से मयंक सिंह की रिपोर्ट















