फुलवरिया-श्रीपुर में संयुक्त जनता दरबार आयोजित, 8 भूमि विवादों का ऑन द स्पॉट निपटारा
भूमि विवादों के त्वरित एवं स्थायी समाधान के उद्देश्य से शनिवार को फुलवरिया प्रखंड मुख्यालय के सभागार में संयुक्त जनता दरबार का आयोजन किया गया. सीओ बीरबल वरुण कुमार की अध्यक्षता में कुल 10 भूमि विवाद से जुड़े मामलों की गहन सुनवाई की गई.

फुलवरिया/गोपालगंज: भूमि विवादों के त्वरित एवं स्थायी समाधान के उद्देश्य से शनिवार को फुलवरिया प्रखंड मुख्यालय के सभागार में संयुक्त जनता दरबार का आयोजन किया गया. सीओ बीरबल वरुण कुमार की अध्यक्षता में आयोजित इस जनता दरबार में कुल 10 भूमि विवाद से जुड़े मामलों की गहन सुनवाई की गई. अधिकारियों ने मौके पर ही 8 पेचीदा मामलों का ऑन द स्पॉट निष्पादन कर फरियादियों को बड़ी राहत दी.
जनता दरबार में फुलवरिया थाने से 5 और श्रीपुर थाने से 5 मामले सुनवाई के लिए प्रस्तुत हुए थे. अंचलाधिकारी ने राजस्व और पुलिस अधिकारियों के साथ फरियादियों की समस्याएं ध्यानपूर्वक सुनीं तथा प्रस्तुत दस्तावेजों व साक्ष्यों की बारीकी से जांच की. जिन मामलों में स्पष्ट प्रमाण मौजूद थे. उनका आपसी सहमति और नियमानुसार तत्काल समाधान करा दिया गया.
वहीं, पर्याप्त दस्तावेजों की कमी तथा कुछ पक्षों की गैरहाजिरी के कारण 2 मामलों का निपटारा नहीं हो सका. इसके लिए संबंधित पक्षों को पुनः नोटिस जारी कर आगामी शनिवार को उपस्थित होने का सख्त निर्देश दिया गया. बैठक में फुलवरिया दरोगा धर्मेंद्र कुमार, राजस्व कर्मचारी मंटू कुमार, आरटीपीएस कर्मी राकेश तिवारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे.
सीओ बीरबल वरुण कुमार ने कहा कि भूमि विवाद ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय तनाव का मुख्य कारण बनते हैं. राजस्व और पुलिस विभाग की इस संयुक्त पहल से न केवल जनता को त्वरित न्याय मिल रहा है, बल्कि क्षेत्र में शांति व कानून-व्यवस्था भी मजबूत हो रही है. प्रशासन ने आमलोगों से अपील की है कि वे अपनी जमीन या सीमांकन से जुड़े विवादों के समाधान हेतु सीधे अंचल या थाना कार्यालय से संपर्क करें।
फुलवरिया/गोपालगंज से संदीप कुमार की रिपोर्ट















