झारखंड स्टेट ओलंपियाड में जिले के सात मेधावी सम्मानित, जिला शिक्षा पदाधिकारी ने दिया लैपटॉप और मेडल
झारखंड शिक्षा परियोजना, जामताड़ा के तत्वावधान में आयोजित झारखंड स्टेट ओलंपियाड-2024 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जामताड़ा जिले के सात मेधावी छात्र-छात्राओं को शनिवार को सम्मानित किया गया।

जामताड़ा। झारखंड शिक्षा परियोजना, जामताड़ा के तत्वावधान में आयोजित झारखंड स्टेट ओलंपियाड-2024 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जामताड़ा जिले के सात मेधावी छात्र-छात्राओं को शनिवार को सम्मानित किया गया। कंबाइंड बिल्डिंग स्थित जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में जिला शिक्षा पदाधिकारी चार्ल्स हेम्ब्रम ने सभी सफल विद्यार्थियों को एचपी लैपटॉप, माउस, यूएसबी, बैग, प्रमाण पत्र एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इसमें जामताड़ा प्रखंड के उत्क्रमित उच्च विद्यालय केलाही के वर्ग 7 के छात्र कौशिक गोराई ने अंग्रेजी विषय में 21 अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान हासिल किया।
वहीं, बेसिक स्कूल मिहिजाम की वर्ग 7 की छात्रा आयशा परवीन ने अंग्रेजी विषय में 20 अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान प्राप्त किया। कुंडहित प्रखंड के आरके हाई स्कूल अंबा के वर्ग 7 के छात्र राहुल लायेक ने विज्ञान विषय में 77 अंक अर्जित कर तृतीय स्थान हासिल किया।इसी क्रम में फतेहपुर प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय मंझलाडीह के वर्ग 8 के छात्र सुमित कुमार पंडित ने गणित विषय में 45 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया।
नाला प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय मोहनपुर के वर्ग 8 के छात्र सौरव घोष ने सामाजिक विज्ञान विषय में 27 अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, आरके प्लस टू हाई स्कूल नाला के वर्ग 9 के छात्र गोविंदा बक्शी ने अंग्रेजी विषय में 41 अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान हासिल किया, जबकि इसी विद्यालय के वर्ग 9 के छात्र हर्ष कुमार डोकानिया ने गणित विषय में 43 अंक अर्जित कर प्रथम स्थान प्राप्त किया।
इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी चार्ल्स हेम्ब्रम ने कहा कि झारखंड स्टेट ओलंपियाड जैसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचानने और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करती हैं। विद्यार्थियों की मेहनत और उपलब्धियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभाग द्वारा उन्हें लैपटॉप, प्रशस्ति पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया जा रहा है।
उन्होंने जिले के सभी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को इस प्रकार की प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। साथ ही आश्वस्त किया कि विद्यार्थियों को आगे बढ़ने और उनकी प्रतिभा को निखारने के लिए शिक्षा विभाग की ओर से हरसंभव सहयोग एवं मदद प्रदान की जाएगी। मौके पर एडीपीओ रश्मि एक्का, एपीओ मनोज कुमार, एपीएम विभाष चन्द्र महतो, लेखापाल अनिल कुमार तथा कर्मी विनोद राजहंस एवं कामाख्या कुमार मंडल मुख्य रूप से उपस्थित थे।
जामताड़ा से संतोष कुमार की रिपोर्ट















