'मन की बात' सुनने के बाद BJP राष्ट्रीय अध्यक्ष ने महिलाओं से किया संवाद, बूथ अध्यक्ष बुलाकर कहा-आप हमारे मालिक
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कांके विधानसभा क्षेत्र के सुकुरहुटू स्थित बिरसा मंडप अखाड़ा के प्रांगण में बूथ संख्या-249 पर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणजनों के साथ 'मन की बात" के 139 वें संस्करण का सामूहिक श्रवण किया।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कांके विधानसभा क्षेत्र के सुकुरहुटू स्थित बिरसा मंडप अखाड़ा के प्रांगण में बूथ संख्या-249 पर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणजनों के साथ 'मन की बात" के 139 वें संस्करण का सामूहिक श्रवण किया।
Ranchi: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कांके विधानसभा क्षेत्र के सुकुरहुटू स्थित बिरसा मंडप अखाड़ा के प्रांगण में बूथ संख्या-249 पर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणजनों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम "मन की बात" के 139 वें संस्करण का सामूहिक श्रवण किया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष ने भगवान बिरसा मुंडा जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। तत्पश्चात "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के अंतर्गत रुद्राक्ष का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के पश्चात उन्होंने वहां उपस्थित महिलाओं, परिवारजनों से आत्मीय संवाद किया। इस दौरान उन्होंने ऐसा संदेश दिया, जिसने संगठन में बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की अहमियत को न केवल रेखांकित किया बल्कि पार्टी के हर कार्यकर्ता का सीना गर्व से भर दिया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कार्यक्रम स्थल पर पीछे खड़े बूथ अध्यक्ष आकाश कुमार और मंडल अध्यक्ष प्रभात कुमार को अपने पास बुलाकर अपने बगल में खड़ा किया। बूथ अध्यक्ष को अपना मालिक बताते हुए उन्होंने कार्यकर्ताओं के प्रति सम्मान और संगठन में बूथ स्तर की भूमिका के महत्व का स्थापित किया।
इस दौरान उन्होंने बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को भाजपा की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि संगठन की वास्तविक शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं, जो प्रधानमंत्री के विचारों, संदेश और जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का काम करते हैं।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि वे रांची में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने आए थे और इसी क्रम में उन्हें कांके विधानसभा क्षेत्र में आकर आम लोगों के साथ "मन की बात" सुनने का अवसर मिला। उन्होंने उपस्थित सभी लोगों का अभिनंदन करते हुए उनके प्रति आभार जताया। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं से आह्वान किया कि प्रधानमंत्री के प्रेरणादायक संदेशों को केवल सुनकर न रहें, बल्कि यहां से उन संदेशों को लेकर जाएं और अपने परिवार, गांव तथा समाज के अन्य लोगों तक भी पहुंचाएं।
लखपति दीदी से सशक्त होंगी महिलाएं, मजबूत होंगे परिवार
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी लखपति दीदी योजना का उल्लेख करते हुए महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण पर जोर दिया। कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रधानमंत्री मिशन मोड में काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि तीन करोड़ लखपति दीदियां बनाने का लक्ष्य हासिल किया जा चुका है और अब इस अभियान को आगे बढ़ाते हुए अधिक से अधिक महिलाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाना है।
उन्होंने कहा कि जब माता-बहनें आर्थिक रूप से मजबूत होती हैं, तो केवल एक परिवार नहीं, बल्कि दो-दो परिवारों को संबल मिलता है। महिलाएं दो-दो परिवार को संवारती हैं। इसलिए महिलाओं का आर्थिक सशक्तीकरण विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
बेटियों को शिक्षित बनाएं, अगली पीढ़ी को दें बेहतर भविष्य
नितिन नवीन ने अगली पीढ़ी को शिक्षित करने पर जोर देते हुए कहा कि बच्चों की शिक्षा और बेटियों को आगे बढ़ाने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। बेटियों को पढ़ाना, उन्हें आत्मनिर्भर बनाना और जीवन में आगे बढ़ने के अवसर देना परिवार तथा समाज के उज्ज्वल भविष्य के लिए आवश्यक है।
उन्होंने लोगों से प्रधानमंत्री के विचारों और जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने उपस्थित लोगों को "प्रणाम" और "जोहार" करते हुए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया और कार्यक्रम स्थल से रवाना हो गए।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, प्रदेश मंत्री अमित सिंह, पूर्व विधायक समरी लाल, भाजपा नेता अमित कुमार, रांची पश्चिमी जिलाध्यक्ष नरेंद्र सिंह सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता, महिला एवं पुरुष कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
रांची से सुजीत कुमार की रिपोर्ट













