सड़क की बदहाली पर भड़के ग्रामीण, सरकार के खिलाफ की नारेबाजी
मधुबनी जिले के जयनगर प्रखंड अंतर्गत देवधा मध्य पंचायत में एक गांव को दूसरे गांव से जोड़ने वाली सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने सरकार से सड़क एवं पुलिया का निर्माण कराने की मांग की।

(मधुबनी)। मधुबनी जिले के जयनगर प्रखंड अंतर्गत देवधा मध्य पंचायत में एक गांव को दूसरे गांव से जोड़ने वाली सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। सड़क की जर्जर हालत से परेशान ग्रामीणों ने राजद के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी ब्रजकिशोर यादव एवं राजद नेता डॉ. मनोज कुमार वर्मा के साथ सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। ग्रामीणों ने सरकार से सड़क एवं पुलिया का निर्माण कराने की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की खराब स्थिति के कारण लोगों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद सड़क और पुलिया के निर्माण की दिशा में आवश्यक पहल नहीं की जा रही है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग एवं सरकार से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत और पुलिया निर्माण कराने की मांग की।
ब्रजकिशोर यादव ने सरकार पर साधा निशाना
इस दौरान राजद के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी ब्रजकिशोर यादव ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पूरे बिहार में धरातल पर विकास कार्य नजर नहीं आ रहे हैं। उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि अनुमंडल अस्पताल में मरीजों को आवश्यक दवाइयां उपलब्ध नहीं होने और अल्ट्रासाउंड की सुविधा नहीं रहने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पतालों में रेफर करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि सड़क, पुलिया और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाएं आम जनता की जरूरत हैं। सरकार को इन समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान देते हुए जल्द समाधान करना चाहिए। इस दौरान ग्रामीणों ने सड़क एवं पुलिया निर्माण की मांग को लेकर सरकार के खिलाफ विरोध जताया और जल्द कार्रवाई की मांग की।
मधुबनी से पांडव कुमार यादव की रिपोर्ट













