विजयीपुर में 7 मवेशियों से भरी पिकअप जब्त, तस्कर फरार
(गोपालगंज)। विजयीपुर थाना क्षेत्र के बलुआ अफगान गांव के समीप पुलिस ने उत्तर प्रदेश की ओर से आ रही मवेशियों से भरी एक पिकअप को जब्त किया है। पुलिस के अनुसार, वाहन में कुल सात मवेशी लदे थे।

विजयीपुर (गोपालगंज)। विजयीपुर थाना क्षेत्र के बलुआ अफगान गांव के समीप पुलिस ने उत्तर प्रदेश की ओर से आ रही मवेशियों से भरी एक पिकअप को जब्त किया है। पुलिस के अनुसार, वाहन में कुल सात मवेशी लदे थे। पुलिस को देखकर चालक और वाहन में सवार अन्य लोग पिकअप छोड़कर फरार हो गए। इस मामले में विजयीपुर थाना कांड संख्या 332/26, दिनांक 23 अक्टूबर 2026 को वाहन मालिक और चालक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, वाहन जांच के दौरान चालक ने पिकअप लेकर भागने का प्रयास किया, लेकिन वाहन सड़क किनारे नाली में फंस गया। इसके बाद चालक और उसके साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने पिकअप और सातों मवेशियों को जब्त कर लिया है। आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
घटना 23 अक्टूबर सुबह की, जानकारी 24 अक्टूबर को सार्वजनिक
इस मामले में कार्रवाई के साथ-साथ पुलिस की सूचना जारी करने की प्रक्रिया भी सवालों के घेरे में है। घटना 23 अक्टूबर सुबह की बताई गई है, जबकि पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति 24 अक्टूबर को शाम 4:17 बजे सार्वजनिक हुई। ऐसे में सवाल उठता है कि घटना से जुड़ी आधिकारिक जानकारी जारी करने में देरी क्यों हुई?
जिला मुख्यालय गोपालगंज से लगभग 65 किलोमीटर दूर स्थित विजयीपुर जैसे सीमावर्ती क्षेत्र में पुलिस की कार्रवाई और महत्वपूर्ण घटनाओं की जानकारी समय पर सार्वजनिक होना जरूरी है। आधुनिक और तकनीकी युग में जब सूचनाओं का आदान-प्रदान बेहद तेज हो चुका है, तब पुलिस की ओर से खबरें देर से जारी होने से पारदर्शिता और सूचना व्यवस्था पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
सवाल यह है कि क्या विजयीपुर पुलिस द्वारा घटनाओं की जानकारी देर से सार्वजनिक करना उचित है? पुलिस प्रशासन को इस दिशा में स्पष्टता लाने और महत्वपूर्ण घटनाओं की जानकारी समय पर उपलब्ध कराने की जरूरत है।
विजयीपुर (गोपालगंज) से शंकर जी की रिपोर्ट













