जिले के सारंडा जंगल क्षेत्र में नक्सल गतिविधियों ने एक बार फिर सुरक्षा बलों को निशाना बनाया है। गुरुवार को सर्च अभियान के दौरान हुए आईईडी विस्फोट में एक जवान गंभीर रूप से जख्मी हो गया। यह घटना पिछले 24 घंटों के भीतर दूसरा बड़ा हमला है, जिससे इलाके में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुरक्षाबल नक्सल विरोधी अभियान के तहत जंगल में तलाशी अभियान चला रहे थे। इसी दौरान जमीन में दबाकर रखे गए विस्फोटक पर एक जवान का पैर पड़ गया, जिससे तेज धमाका हुआ और वह बुरी तरह घायल हो गया। घटना के तुरंत बाद अन्य जवानों ने उसे सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
घायल की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिसके मद्देनजर उसे बेहतर इलाज के लिए एयरलिफ्ट करने का निर्णय लिया गया। हेलीकॉप्टर के जरिए उसे रांची लाया जा रहा है, जहां खेलगांव स्थित हेलीपैड से सीधे अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा।
गौरतलब है कि एक दिन पहले, यानी बुधवार को भी इसी क्षेत्र में नक्सलियों ने सुरक्षाबलों को निशाना बनाया था, जिसमें चार जवान घायल हुए थे। इस ताजा घटना के बाद दो दिनों में घायल सुरक्षाकर्मियों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है।