कोयला नेटवर्क की परतें खोलने में जुटी ईडी, कोयला कारोबारी एलबी सिंह को फिर भेजा समन
कोयला नेटवर्क की परतें खोलने में जुटी ईडी, कोयला कारोबारी एलबी सिंह को फिर भेजा समन
झारखंड में कथित कोयला घोटाले और अवैध खनन से जुड़े मामले की जांच कर रही प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने धनबाद के चर्चित कोयला कारोबारी एलबी सिंह पर शिकंजा कसते हुए उन्हें दोबारा समन जारी किया है। जांच एजेंसी ने निर्देश दिया है कि वह 9 मार्च (सोमवार) को सुबह 11 बजे रांची स्थित ईडी के क्षेत्रीय कार्यालय में उपस्थित होकर पूछताछ में शामिल हों।
सूत्रों के अनुसार, एलबी सिंह को इससे पहले भी पूछताछ के लिए बुलाया गया था। हालांकि उस समय समन मिलने के बाद उन्होंने अपनी तबीयत खराब होने की जानकारी देते हुए ईडी से समय देने का अनुरोध किया था। जांच एजेंसी ने उनकी मांग को मानते हुए उन्हें नया मौका दिया है और अब सोमवार को पेश होने को कहा गया है।
बताया जा रहा है कि ईडी जिस मामले की जांच कर रही है, वह झारखंड और पश्चिम बंगाल तक फैले एक बड़े कोयला कारोबार नेटवर्क से जुड़ा हुआ है। इसी सिलसिले में कुछ समय पहले ईडी ने दोनों राज्यों के कई शहरों में एक साथ छापेमारी की थी। इन कार्रवाईयों के दौरान कई कोयला कारोबारियों और उनसे जुड़े ठिकानों पर जांच की गई थी।