पटना में रिश्वत लेते दारोगा गिरफ्तार, मरीन ड्राइव पर निगरानी ने रंगेहाथ दबोचा
पटना में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने रिश्वतखोरी के मामले में ट्रैफिक थाने में तैनात दारोगा उपेंद्र शाह को गिरफ्तार किया है। निगरानी की टीम ने उन्हें जेपी गंगा पथ से उस समय पकड़ा, जब वह एक मामले के पीड़ित से 10 हजार रुपए रिश्वत ले रहे थे।

बताया जा रहा है कि किसी मामले में मदद करने के एवज में दारोगा द्वारा पीड़ित से रिश्वत की मांग की गई थी। इसकी शिकायत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो तक पहुंची थी। शिकायत की जांच के बाद टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई। मंगलवार को टीम ने जाल बिछाकर दारोगा उपेंद्र शाह को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की ओर से दारोगा की गिरफ्तारी की पुष्टि की गई है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में भी चर्चा शुरू हो गई है। बताया जा रहा है कि दारोगा उपेंद्र शाह पहले भी विवादों में रह चुके हैं। कुछ समय पहले लड़की की स्कूटी रोकने के दौरान उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो सामने आने के बाद यह मामला काफी चर्चित हुआ था।
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने आज जहानाबाद, शेखपुरा और पटना में तीन अलग-अलग जगहों पर कार्रवाई की है। पटना में हुई इस कार्रवाई के दौरान ट्रैफिक थाने के दारोगा की गिरफ्तारी हुई है। फिलहाल निगरानी की टीम मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
पटना से राजन की रिपोर्ट