17 सितंबर को 'आशीर्वाद का दीया', 7 अक्टूबर को 'सेवा ज्योति यात्रा' और 17 अक्टूबर को 'जनसेवक महाकुंभ': संजय सरावगी
बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने आज प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से लेकर 17 अक्टूबर तक भारतीय जनता पार्टी पूरे देश और बिहार में एक माह तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएगी।

बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने आज प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से लेकर 17 अक्टूबर तक भारतीय जनता पार्टी पूरे देश और बिहार में एक माह तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों के केंद्र में सेवा, समाज के सभी वर्गों का कल्याण और विकसित भारत के निर्माण का संकल्प रहेगा।
संजय सरावगी ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में दायित्व संभाला था और 7 अक्टूबर 2026 को उनके मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होंगे। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद नरेंद्र मोदी ऐसे एकमात्र नेता हैं जिन्होंने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्षों का कार्यकाल पूरा किया है। प्रधानमंत्री ने अपने जीवन को तपस्या, संकल्प को अटूट और सत्ता को जनता की सेवा का माध्यम बनाया है। राष्ट्र प्रथम और अंत्योदय की भावना से उनकी सरकार ने गरीब, युवा, महिला, किसान, श्रमिक तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग सहित समाज के सभी वर्गों के उत्थान के लिए काम किया है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री के कार्यकाल में जनधन योजना के तहत 55 करोड़ से अधिक बैंक खाते खोले गए और प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के माध्यम से योजनाओं का लाभ सीधे गरीबों के खातों में पहुंचा। उज्ज्वला योजना, शौचालय निर्माण, नल से जल, आयुष्मान भारत, पीएम किसान और प्रधानमंत्री आवास जैसी योजनाओं ने गरीब परिवारों के जीवन में बदलाव लाया है। वर्ष 2019 में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया, जिससे गरीब सवर्ण परिवारों के लाखों युवाओं को शिक्षा और रोजगार के अवसर मिले।
उन्होंने कहा कि राम मंदिर निर्माण, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, उज्जैन के महाकाल कॉरिडोर, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, अनुच्छेद 370 हटाना, सर्जिकल स्ट्राइक, बालाकोट और ऑपरेशन गंगा जैसे फैसलों ने भारत की वैश्विक छवि को मजबूत किया। कोरोना महामारी के दौरान भारत ने वैक्सीन विकसित की और दुनिया के अनेक देशों की सहायता की। आज वैश्विक संकट के बीच भारत मजबूती से खड़ा है। उन्होंने कहा कि 2025-26 की पहली तिमाही में भारत की जीडीपी वृद्धि दर 7.8 प्रतिशत रही, जो दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं की तुलना में काफी अधिक है। प्रधानमंत्री का लक्ष्य 2047 तक भारत को विकसित और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाना है।
संजय सरावगी ने कहा कि बिहार में भी केंद्र सरकार के सहयोग से पूर्णिया और दरभंगा एयरपोर्ट, नालंदा विश्वविद्यालय, केंद्रीय विश्वविद्यालय समेत कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर काम हुआ है। मेडिकल शिक्षा में भी बड़ा विस्तार हुआ है। 2014 में देश में करीब 387 मेडिकल कॉलेज थे, जो बढ़कर करीब 818 हो गए हैं। एमबीबीएस सीटें 51,348 से बढ़कर करीब 1.29 लाख तथा मेडिकल पीजी सीटें 31,185 से बढ़कर करीब 82 हजार हो गई हैं। विश्वविद्यालयों की संख्या भी 760 से बढ़कर 1,289 हुई है।
उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को अभियान की शुरुआत ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। शाम सात बजे केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के लाभार्थी अपने घरों में दीप जलाकर प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करेंगे। युवा मोर्चा पूरे राज्य में रक्तदान शिविर आयोजित करेगा। प्रधानमंत्री आवास, राशन, उज्ज्वला, आयुष्मान भारत सहित विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों, डेयरी, पटरी, ठेला और लघु उद्योग से जुड़े लोगों से भी दीप प्रज्वलित करने की अपील की जाएगी।
उन्होंने कहा कि ‘सेवा चित्र’ कार्यक्रम के तहत 23 सितंबर से 2 अक्टूबर तक स्कूलों और महाविद्यालयों में चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं होंगी। ‘प्रधानमंत्री की जनसेवा’, ‘विकसित भारत’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ विषयों पर प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी तथा प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र और पुरस्कार दिए जाएंगे। ‘सेवा संस्मरण’ के तहत 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक गांव और शहरों में संगीतमय नाट्य प्रस्तुतियों के जरिए प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सेवा कार्यों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि ‘कहानी बदलाव की’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री की योजनाओं से जीवन में आए बदलाव की वास्तविक कहानियों को सोशल मीडिया के माध्यम से पंचायत से राज्य और देश स्तर तक पहुंचाया जाएगा। वहीं 25 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर कार्यक्रम होंगे, जिसमें सेविका-सहायिका का सम्मान, बच्चों के बीच फल एवं मिठाई वितरण तथा अभिभावकों के संस्मरण शामिल होंगे।
संजय सरावगी ने कहा कि 7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकाली जाएगी। गांवों से ज्योतियां जिला मुख्यालय तक पहुंचेंगी और 25 वर्षों की अविरल सेवा के प्रतीक के रूप में उनका मिलन होगा। ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा, जिसके तहत प्रत्येक नागरिक और एनडीए कार्यकर्ता कम से कम 25 मिनट का कोई सेवा कार्य करेगा। इसमें सफाई, स्वास्थ्य, रक्तदान सहित स्थानीय स्तर पर सेवा के कार्य शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि ‘सेवा सेतु अभियान’ के माध्यम से पात्र लेकिन सरकारी योजनाओं से वंचित लोगों को लाभार्थी बनाया जाएगा। 1 से 7 अक्टूबर के बीच सेवा शिविर लगाकर लोगों की समस्याएं सुनी जाएंगी और उन्हें संबंधित योजनाओं से जोड़ा जाएगा। इसके अलावा ‘सेवा के रंग’ के तहत घर-घर रंगोली, तथा ‘इनोवेशन चैलेंज’ जैसे कार्यक्रम भी होंगे।
संजय सरावगी ने कहा कि 17 अक्टूबर को ‘जनसेवक महाकुंभ : पंचायत से पार्लियामेंट तक’ का आयोजन होगा, जिसमें पंचायत से लेकर संसद तक के करीब सवा लाख जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की योजना है। इस दौरान वंदे मातरम् का सामूहिक गायन होगा और गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की टीम भी मौजूद रहेगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 25 वर्षों में एक दिन भी अपने दायित्व से अवकाश नहीं लिया। उनकी माता के निधन के दिन भी अंतिम संस्कार के बाद उन्होंने अपने सार्वजनिक दायित्व को निभाया। ऐसे जनसेवक के 25 वर्ष पूरे होने पर भाजपा का यह एक माह का अभियान सेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को समर्पित है।
प्रेस वार्ता में बिहार सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री एवं कार्यक्रम प्रभारी संजय सिंह टाइगर, प्रदेश महामंत्री एवं कार्यक्रम के प्रदेश संयोजक नितिन अभिषेक, प्रदेश मीडिया प्रभारी दानिश इकबाल तथा प्रदेश मीडिया सह प्रभारी अमित प्रकाश बबलू उपस्थित रहे।










