पश्चिम बंगाल में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने जिला पर्यवेक्षकों के लिए प्रस्तावित नामों को मंजूरी दे दी है। इस संबंध में कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने अपने हस्ताक्षर से आधिकारिक सूची जारी की है।
जारी सूची के अनुसार कुल 33 जिला पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई है, जिनमें झारखंड के 21 कांग्रेस नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस जानकारी की पुष्टि झारखंड कांग्रेस के मीडिया विभाग के चेयरमैन सतीश पॉल मुंजनी ने की। उन्होंने कहा कि पार्टी पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव को पूरी गंभीरता से लड़ने की तैयारी कर रही है, इसलिए झारखंड के कई अनुभवी नेताओं को महत्वपूर्ण भूमिका दी गई है।



सूची में झारखंड से कई वरिष्ठ नेताओं के नाम शामिल हैं। इनमें पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू, प्रदीप बलमुचू, खूंटी से वर्तमान लोकसभा सांसद कालीचरण मुंडा, झारखंड विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव और उपनेता राजेश कच्छप को जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता, पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष शहजादा अनवर, पूर्व सांसद फुरकान अंसारी, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, झारखंड कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर और कृषि विपणन परिषद के अध्यक्ष रविंद्र सिंह जैसे नेताओं को भी जिला पर्यवेक्षक बनाया गया है।
सतीश पॉल मुंजनी ने कहा कि पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल में होने वाले चुनाव के लिए केंद्रीय नेतृत्व ने झारखंड के नेताओं पर भरोसा जताते हुए उन्हें अहम जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी को उम्मीद है कि इन नेताओं के अनुभव और संगठनात्मक क्षमता से चुनावी रणनीति को मजबूती मिलेगी।