हुसैनाबाद विधानसभा क्षेत्र के सभी बूथों पर विशेष कैंप, SDO ने 5 मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के तहत बुधवार को हुसैनाबाद विधानसभा क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप का आयोजन किया गया।

हुसैनाबाद (पलामू) : मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के तहत बुधवार को हुसैनाबाद विधानसभा क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप का आयोजन किया गया। कैंप के माध्यम से मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी, शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रक्रिया पूरी की गई।
विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या-152, 153, 124, 125 एवं 128 का भ्रमण कर कैंप में चल रहे कार्यों का जायजा लिया
इस दौरान हुसैनाबाद के अनुमंडल पदाधिकारी समीर अल्फ्रेड मुर्मू ने विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 152, 153, 124, 125 एवं 128 का भ्रमण कर कैंप में चल रहे कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित बूथ स्तरीय पदाधिकारियों (BLO) से पुनरीक्षण कार्य की जानकारी ली। इसके अलावा हुसैनाबाद के अंचल अधिकारी पंकज कुमार ने भी कई मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया और आवश्यक निर्देश दिया।
विशेष कैंप के दौरान सभी मतदान केंद्रों पर BLO द्वारा प्रपत्र-3 के तहत अपात्र मतदाताओं की सूची और ASDD की सूची का प्रकाशन किया गया
विशेष कैंप के दौरान सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ द्वारा प्रपत्र-3 के तहत अपात्र मतदाताओं की सूची और अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत एवं दोहरे नाम वाले मतदाता (ASDD) की सूची का प्रकाशन किया गया। इसके माध्यम से मतदाता सूची में दर्ज नामों का सत्यापन और आवश्यक सुधार की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया गया। प्रशासन की ओर से पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रपत्र-6 भरकर आवश्यक दस्तावेज एवं घोषणा पत्र के साथ आवेदन करने का अवसर दिया जा रहा है।
प्रशासन ने BLO को निर्देश दिया है कि वे कैंप के दौरान आम नागरिकों को आवश्यक जानकारी एवं सहयोग उपलब्ध कराएं
एसआईआर अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मताधिकार से वंचित न रहे और मतदाता सूची में अपात्र अथवा दोहराव वाले नामों को नियमानुसार सत्यापित कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके। प्रशासन ने बीएलओ को निर्देश दिया है कि वे कैंप के दौरान आम नागरिकों को आवश्यक जानकारी एवं सहयोग उपलब्ध कराएं, ताकि मतदाता सूची का पुनरीक्षण कार्य निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप पूरा हो सके।
पलामू से विकास कश्यप की रिपोर्ट














