विजय जुलूस में बिगड़ी पलामू सांसद की तबीयत, इलाज के बाद लौटे घर

विजय जुलूस में बिगड़ी पलामू सांसद की तबीयत, इलाज के बाद लौटे घर

विजय जुलूस में बिगड़ी पलामू सांसद की तबीयत, इलाज के बाद लौटे घर
swaraj post

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
: Feb 28, 2026, 2:58:00 PM

मेदिनीनगर में शनिवार को आयोजित विजय जुलूस के दौरान पलामू के सांसद बीडी राम की अचानक तबीयत खराब हो गई। वे भाजपा समर्थित मेयर अरुणा शंकर के समर्थन में निकले जुलूस में शामिल थे। शहर भ्रमण के दौरान खुले वाहन में सवार सांसद को चक्कर आया और वे वहीं गिर पड़े।

घटना की जानकारी मिलते ही सुरक्षा कर्मी और पार्टी कार्यकर्ता तत्काल सक्रिय हुए। उन्हें संभालते हुए डॉ. राहुल अग्रवाल के अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। डॉक्टरों ने बताया कि उनकी हालत स्थिर है और चिंता की कोई बात नहीं है। कुछ समय बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई और वे अपने शांतिपुरी स्थित आवास लौट गए।

सांसद ने मिलने पहुंचे समर्थकों को बताया कि तेज धूप के कारण उन्हें असहज महसूस हुआ। खबर फैलते ही बड़ी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता अस्पताल पहुंच गए थे।

यह जुलूस दोपहर करीब 12 बजे मेयर आवास से शुरू हुआ था, जिसमें सांसद अपनी बेटी स्मिता, विधायक आलोक चौरसिया और मेयर अरुणा शंकर के साथ शामिल थे। जुलूस नावाटोली से सद्दीक मंजिल चौक होते हुए मुख्य बाजार तक गया।

बीडी राम वर्ष 2014 से लगातार तीसरी बार पलामू का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। उनकी अचानक तबीयत बिगड़ने से कुछ समय के लिए अफरातफरी का माहौल बना, हालांकि बाद में स्थिति सामान्य होने से समर्थकों ने राहत की सांस ली।