सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान, वाहन चालकों को बांटे सेफ्टी जैकेट और रेडियम
जामताडा जिले में जिला परिवहन विभाग की सड़क सुरक्षा टीम ने नेशनल रोड सेफ्टी एंड स्किल डेवेलपमेंट ऑर्गेनाइजेशन के सहयोग से सोमवार को नाला के आमबागान चौक पर सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया।

झारखंड के जामताडा जिले में जिला परिवहन विभाग की सड़क सुरक्षा टीम ने नेशनल रोड सेफ्टी एंड स्किल डेवेलपमेंट ऑर्गेनाइजेशन के सहयोग से सोमवार को नाला के आमबागान चौक पर सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया। 10 दिवसीय इस विशेष अभियान की शुरुआत तीन अगस्त से हुई है और यह 13 अगस्त तक चलेगा। कार्यक्रम के दौरान दर्जनों दोपहिया एवं चारपहिया वाहन चालकों को ट्रैफिक नियमों की जानकारी दी गई। टीम ने खासकर दोपहिया और साइकिल सवारों को रात्रि में दुर्घटनाओं से बचाने के लिए सेफ्टी जैकेट, वाहनों पर चिपकाने के लिए रेडियम स्टीकर और जागरूकता पंपलेट भी वितरित किए।
परिवहन विभाग, जामताड़ा के बैनर तले आयोजित इस कार्यक्रम में लोगों से सड़क सुरक्षा अपनाएं, सुरक्षित जीवन पाएं का संकल्प दिलाया गया। अधिकारियों ने कहा कि तेज रफ्तार, नशे में वाहन चलाना और हेलमेट-सीट बेल्ट की अनदेखी ही ज्यादातर हादसों की वजह बनती है। ऐसे में नियमों का पालन ही अपनी और दूसरों की जान बचाने का सबसे बड़ा उपाय है।
इस जागरूकता अभियान में चीफ प्रोजेक्ट ऑफिसर बिनय कुमार मलिक, प्रोजेक्ट ऑफिसर बिक्रम पात्रा, एचआर समंता कुमार जाना सहित नाला थाना के एएसआई निताई दास भी मौजूद रहे। पुलिस और परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ने चौक-चौराहों पर रुक-रुक कर वाहन चालकों को यातायात के नियम समझाए और उल्लंघन न करने की अपील की। स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के अभियान से लोगों में यातायात के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी।
जामताड़ा से संतोष कुमार की रिपोर्ट




















