गुमला में एसीबी की बड़ी कार्रवाई, 8 हजार घूस लेते पंचायत सचिव गिरफ्तार

गुमला में एसीबी की बड़ी कार्रवाई, 8 हजार घूस लेते पंचायत सचिव गिरफ्तार

 गुमला में एसीबी की बड़ी कार्रवाई, 8 हजार घूस लेते पंचायत सचिव गिरफ्तार
swaraj post

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
: Mar 12, 2026, 3:13:00 PM

भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) रांची की टीम ने गुरुवार को गुमला जिले के विशुनपुर प्रखंड में एक महिला पंचायत सचिव को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान किरण कुसुम खलखो के रूप में हुई है, जो संबंधित पंचायत में सचिव के पद पर कार्यरत थीं।

मामले की शुरुआत चट्टी सेरका पंचायत निवासी परमेश्वर सिंह की शिकायत से हुई। उन्होंने एसीबी को लिखित आवेदन देकर बताया कि ग्राम सभा के निर्णय के तहत उनकी जमीन पर एक कुएं की मरम्मत का काम कराया गया था। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद जब भुगतान की प्रक्रिया शुरू हुई, तब पंचायत सचिव ने बिल पारित कराने और बकाया राशि जारी कराने के लिए 8 हजार रुपये की मांग की।

परमेश्वर सिंह ने रिश्वत देने से इनकार करते हुए इसकी जानकारी एसीबी को दी। शिकायत मिलने के बाद ब्यूरो ने प्रारंभिक जांच कराई, जिसमें आरोपों की पुष्टि हुई।

योजना बनाकर की गई गिरफ्तारी

आरोप सत्य पाए जाने के बाद एसीबी ने ट्रैप ऑपरेशन की योजना तैयार की। तय रणनीति के तहत शिकायतकर्ता को मांगी गई राशि देकर पंचायत सचिव के पास भेजा गया। गुरुवार को जैसे ही आरोपी सचिव ने शिकायतकर्ता से 8 हजार रुपये लिए, मौके पर मौजूद एसीबी टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उन्हें पकड़ लिया।

एसीबी अधिकारियों के अनुसार वर्ष 2026 में रांची एसीबी द्वारा किया गया यह छठा ट्रैप ऑपरेशन है। गिरफ्तार पंचायत सचिव के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।