मां के निधन के बाद पारंपरिक रस्म अदायगी के लिए मामा घर पहुंचे सीएम हेमंत सोरेन, पत्नी कल्पना भी रहीं साथ
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मंगलवार को अपनी धर्मपत्नी एवं गांडेय विधायक कल्पना सोरेन के साथ चांडिल स्थित अपने मामा घर पहुंचे। धातकीडीह (कांगलाटांड़) स्थित मामा घर में मुख्यमंत्री पारिवारिक परंपरा के तहत रस्म अदायगी के लिए पहुंचे थे।

जमशेदपुर/सरायकेला: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मंगलवार को अपनी धर्मपत्नी एवं गांडेय विधायक कल्पना सोरेन के साथ चांडिल स्थित अपने मामा घर पहुंचे। धातकीडीह (कांगलाटांड़) स्थित मामा घर में मुख्यमंत्री पारिवारिक परंपरा के तहत रस्म अदायगी के लिए पहुंचे थे। इस दौरान पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मुख्यमंत्री और उनकी पत्नी का स्वागत किया गया। वहीं, प्रशासन की ओर से उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
दरअसल, झारखंडी समाज में माता-पिता के निधन के बाद अंतिम संस्कार, श्राद्धकर्म और अस्थि विसर्जन की रस्में पूरी करने के पश्चात मामा घर जाकर पारंपरिक रस्म अदायगी करने की परंपरा है। इस दौरान मामा घर में पैर धोकर स्वागत किया जाता है और भोजन कराने की परंपरा निभाई जाती है। बताया जाता है कि मामा घर में छुतका दूर किया जाता है।
गौरतलब है कि बीते दिनों मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता रूपी सोरेन का निधन हो गया था। इसके बाद अंतिम संस्कार, श्राद्धकर्म और अस्थि विसर्जन की पारिवारिक परंपराएं पूरी करने के पश्चात मुख्यमंत्री मंगलवार को अपनी पत्नी कल्पना सोरेन के साथ धातकीडीह स्थित मामा घर पहुंचे और पारंपरिक रस्म अदायगी की।
जमशेदपुर/सरायकेला से लाला जबीन की रिपोर्ट











