के रवि कुमार ने कहा- 18 वर्ष से ऊपर के पात्र युवाओं का वोटर लिस्ट में शत-प्रतिशत नाम जोड़ना प्राथमिकता
झारखंड में नए और पात्र युवा मतदाताओं का मतदाता सूची में निबंधन (रजिस्ट्रेशन) सुनिश्चित करने के लिए निर्वाचन विभाग ने कमर कस ली है। बैठक मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के तहत आयोजित की गई थी।

रांची : झारखंड में नए और पात्र युवा मतदाताओं का मतदाता सूची में निबंधन (रजिस्ट्रेशन) सुनिश्चित करने के लिए निर्वाचन विभाग ने कमर कस ली है। राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (CEO) के रवि कुमार ने सोमवार को उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के अंतर्गत आने वाले राज्य के सभी संस्थानों के प्राचार्यों और निदेशकों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एक उच्चस्तरीय बैठक की। यह बैठक मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के तहत आयोजित की गई थी, जिसका मुख्य उद्देश्य शैक्षणिक संस्थानों में मतदाता जागरूकता अभियान को गति देना और 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के युवाओं को मतदाता सूची में पंजीकृत कराना है।
5 नवंबर को सोशल मीडिया महाअभियान - दोपहर 12 से 1 बजे तक
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार ने बैठक के दौरान राज्य भर के सभी उच्चतर शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों से अपील की कि वे पांच नवंबर 2026 को दोपहर 12 बजे से एक बजे तक आयोजित होने वाले एक घंटे के विशेष #DownloadECINet सोशल मीडिया महाअभियान का हिस्सा बनें। लोकतांत्रिक व्यवस्था में युवाओं की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। कोई भी पात्र युवा भारतीय नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे, यही इस अभियान का मुख्य लक्ष्य है।
विद्यार्थी इस प्रकार लें महाअभियान में भाग
ECINET ऐप डाउनलोड करें - विद्यार्थी अपने मोबाइल में ECINET App डाउनलोड करें और उसका स्क्रीनशॉट साझा करें।
सेल्फी व संदेश पोस्ट करें - इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ELC) कार्यक्रम से जुड़ी सेल्फी, मतदाता जागरूकता से संबंधित सेल्फी संदेश के वीडियो या प्रचार-प्रसार सामग्री तैयार करें।
सोशल मीडिया पर अपलोड करें - इन पोस्ट्स को अपने फेसबुक, एक्स (ट्विटर), इंस्टाग्राम, यूट्यूब और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हैशटैग #DownloadECINet के साथ शेयर करें।
फॉर्म-6 भरने के लिए प्रेरित करें - जिन विद्यार्थियों का नाम अब तक वोटर लिस्ट में शामिल नहीं है, उन्हें इस अभियान के माध्यम से फॉर्म-6 (Form-6) और आवश्यक घोषणा पत्र जमा करने के लिए प्रेरित किया जाए।
शैक्षणिक संस्थानों के प्राचार्यों को निर्देश
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने राज्य के सभी कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और तकनीकी संस्थानों के निदेशकों एवं प्राचार्यों को स्पष्ट निर्देश दिया कि वे अपने-अपने संस्थानों में 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के सभी पात्र भारतीय नागरिकों का शत-प्रतिशत निबंधन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करें। इसके साथ ही, संस्थानों में गठित इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ELC) प्रभारियों को इस महाअभियान की तैयारियों और क्रियान्वयन में सक्रिय भूमिका निभाने की हिदायत दी गई। इस डिजिटल बैठक के दौरान मुख्य निर्वाचन कार्यालय एवं शिक्षा विभाग के कई प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे।
रांची से सुजीत कुमार की रिपोर्ट











