शहर में कोचिंग करने आए छात्र पर चाकू से हमला, इलाके में मची अफरा-तफरी, जांच में जुटी पुलिस
बिहार के सीवान से इस वक्त की बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आ रही है। महाराजगंज शहर में कोचिंग करने आए एक छात्र पर चाकू से हमला कर दिया गया। अचानक हुए इस हमले के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

सिवान : बिहार के सीवान से इस वक्त की बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आ रही है। महाराजगंज शहर में कोचिंग करने आए एक छात्र पर चाकू से हमला कर दिया गया। अचानक हुए इस हमले के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। छात्र के शरीर पर चाकू से दो जगह वार किए जाने की बात सामने आई है। घायल छात्र को स्थानीय लोगों की मदद से अनुमंडलीय अस्पताल महाराजगंज पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज कराया गया। आखिर कोचिंग करने आए छात्र के साथ ऐसी नौबत क्यों आई? पढ़ाई के लिए घर से निकले छात्र अब सुरक्षित हैं या नहीं? यह सवाल अब शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है।
पूरा मामला महाराजगंज थाना क्षेत्र के शहर मुख्यालय का है
दरअसल, पूरा मामला महाराजगंज थाना क्षेत्र के शहर मुख्यालय का है। जानकारी के अनुसार, दरौंदा थाना क्षेत्र के पिपरा गांव निवासी निशांत राय महाराजगंज में कोचिंग करने आए थे। इसी दौरान वह अपने एक दोस्त के साथ बैठकर बातचीत कर रहे थे। तभी वहां एक तीसरा युवक पहुंचा और किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते मामूली कहासुनी ने गंभीर रूप ले लिया और आरोप है कि तीसरे युवक ने निशांत राय पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में छात्र को दो जगह चोट आई। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल छात्र को अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज कराया गया।
घटना की सूचना मिलते ही महाराजगंज थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी
इधर, घटना की सूचना मिलते ही महाराजगंज थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी। हमला किस बात को लेकर हुआ, इसमें कौन-कौन शामिल था और आरोपी कौन है, पुलिस इन तमाम बिंदुओं पर जांच कर रही है। लेकिन इस घटना ने महाराजगंज की कोचिंग व्यवस्था और छात्रों की सुरक्षा पर एक बार फिर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। महाराजगंज शहर के मोहन बाजार, बैंक चौक और आसपास के इलाकों में बड़ी संख्या में कोचिंग सेंटर संचालित होते हैं। यहां रोजाना दूर-दराज के गांवों से सैकड़ों छात्र पढ़ाई करने पहुंचते हैं।
ऐसे में कोचिंग सेंटरों के आसपास मारपीट, विवाद व चाकूबाजी जैसी घटनाओं की खबरें सामने आना चिंता का विषय है
ऐसे में कोचिंग सेंटरों के आसपास मारपीट, विवाद और चाकूबाजी जैसी घटनाओं की खबरें सामने आना चिंता का विषय है। सवाल यह है कि आखिर पढ़ाई करने आए छात्र अगर कोचिंग के आसपास ही सुरक्षित नहीं रहेंगे तो अभिभावक अपने बच्चों को कैसे निश्चिंत होकर भेजेंगे? अब जरूरत है कि महाराजगंज पुलिस कोचिंग सेंटरों के आसपास नियमित गश्ती और निगरानी बढ़ाए।
सिवान से नागेंद्र कुमार की रिपोर्ट











