छठ पर घर लौटने की खुशी, परंपरा और आस्था की तस्वीर, रेलवे स्टेशन पर उमड़ा यात्रियों का सैलाब
जमशेदपुर : लोक आस्था का महापर्व छठ जैसे-जैसे करीब आ रहा है, वैसे-वैसे अपने घर और गांव लौटने वालों की भीड़ बढ़ती जा रही है। जमशेदपुर के टाटानगर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों का सैलाब उमड़ पड़ा है।

जमशेदपुर : लोक आस्था का महापर्व छठ जैसे-जैसे करीब आ रहा है, वैसे-वैसे अपने घर और गांव लौटने वालों की भीड़ बढ़ती जा रही है। जमशेदपुर के टाटानगर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों का सैलाब उमड़ पड़ा है। कोई परिवार के साथ अपने गांव लौट रहा है, तो कोई अपनों के बीच छठ मनाने की तैयारी में जुटा है।
तस्वीरें जमशेदपुर के टाटानगर रेलवे स्टेशन की हैं, जहां हर तरफ यात्रियों की भीड़ नजर आ रही है। किसी के हाथ में सामान से भरा बैग है, तो कोई अपने छोटे-छोटे बच्चों के साथ ट्रेन का इंतजार कर रहा है। चेहरे पर घर पहुंचने की खुशी और दिल में छठ महापर्व मनाने का उत्साह साफ दिखाई दे रहा है।
दरअसल, छठ सिर्फ एक पर्व नहीं, बल्कि आस्था, विश्वास और परिवार के साथ जुड़ाव का महापर्व है। यही वजह है कि रोजी-रोटी के लिए दूसरे शहरों में रहने वाले लोग साल भर इस दिन का इंतजार करते हैं, ताकि अपने गांव और घर पहुंचकर परिवार के साथ छठी मैया की आराधना कर सकें।
यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे की ओर से छठ पूजा स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है। इसके बावजूद स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ देखी जा रही है। हर किसी की कोशिश है कि समय रहते अपने घर पहुंच जाए और परिवार के साथ इस पावन पर्व में शामिल हो सके।
छठ महापर्व की यही खासियत है कि यह दूरियों को मिटाकर परिवार और समाज को एक सूत्र में बांधता है। स्टेशन पर उमड़ती यह भीड़ सिर्फ यात्रियों की भीड़ नहीं, बल्कि अपने घर लौटने की खुशी, परंपरा और आस्था की तस्वीर है। फिलहाल टाटानगर रेलवे स्टेशन पर छठ व्रतियों और यात्रियों की आवाजाही लगातार जारी है। हर किसी की जुबां पर एक ही बात है - घर पहुंचना है, अपनों के साथ छठ मनाना है और छठी मैया का आशीर्वाद लेना है।
जमशेदपुर से लाला जबीन की रिपोर्ट













