वायरल वीडियो के बाद चतरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गिद्धौर थाना प्रभारी सहित तीन कर्मी निलंबित

वायरल वीडियो के बाद चतरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गिद्धौर थाना प्रभारी सहित तीन कर्मी निलंबित

वायरल वीडियो के बाद चतरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गिद्धौर थाना प्रभारी सहित तीन कर्मी निलंबित
swaraj post

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
: Apr 10, 2026, 11:30:00 AM

चतरा जिले में एक वायरल वीडियो ने पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार अग्रवाल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिद्धौर थाना प्रभारी शिवा यादव समेत तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। इन पर एक युवक को नियमों की अनदेखी करते हुए जबरन हिरासत में लेने की कोशिश का आरोप है।

यह घटना राजपुर थाना क्षेत्र के बिंधानी गांव की बताई जा रही है। आरोप है कि संबंधित पुलिसकर्मी सामान्य नागरिकों की तरह कपड़े पहनकर गांव पहुंचे और संदीप दांगी नामक युवक को वाहन में बैठाने का प्रयास किया। इस दौरान न तो स्थानीय थाना को सूचित किया गया और न ही किसी वैधानिक प्रक्रिया का पालन किया गया। घटना के दौरान जब परिजनों और ग्रामीणों ने विरोध किया तो स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जिसके बाद आरोपी मौके से निकल गए।

घटना के बाद पूरे मामले की जांच सिमरिया के एसडीपीओ शुभम खंडेलवाल को सौंपी गई। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि संबंधित पुलिसकर्मियों ने निर्धारित नियमों की अवहेलना की और उनकी गतिविधियां संदिग्ध थीं। इसके आधार पर विभागीय कार्रवाई करते हुए तीनों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

जांच के दौरान एक और महत्वपूर्ण तथ्य सामने आया कि जिस निजी वाहन का उपयोग किया गया, उसे एक आपराधिक छवि वाला व्यक्ति चला रहा था। इससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है। प्रारंभिक जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि पुलिसकर्मियों की कथित रूप से तस्करों के साथ सांठगांठ हो सकती है और इसी कारण बिना आधिकारिक प्रक्रिया के युवक को उठाने की कोशिश की गई।

गौरतलब है कि यह पूरा मामला पिछले एक सप्ताह से सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे वीडियो के बाद उजागर हुआ, जिसके बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई की है।