पहले हत्या की, फिर पुलिस को दी सूचना! कोंका गोप हत्याकांड में दो गिरफ्तार, जीजा-साला...
चंदनकियारी के बरमसिया ओपी क्षेत्र में कोंका गोप हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

चंदनकियारी के बरमसिया ओपी क्षेत्र में कोंका गोप हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उरांवडीह निवासी मृतक के चचेरे साले भागीरथ गोप (36)और चोड़ियाभीठा निवासी भूदेव गोप (32) के रूप में हुई है।
एएसपी वेदांत शंकर ने बताया कि कोंका गोप पिंड्राजोड़ा थाना क्षेत्र का रहने वाला था। करीब दो सप्ताह पहले उसके ससुर की मौत हुई थी। 12 सितंबर को वह अपने ससुराल बरमसिया पहुंचा था। मृतक के ससुर की तीन बेटियां थीं और कोई बेटा नहीं था। इसी वजह से कोंका गोप ससुर की जमीन में अपने हिस्से की मांग कर रहा था। पुलिस के अनुसार, चचेरे साले भागीरथ गोप को यह मंजूर नहीं था।
आरोप है कि भागीरथ ने अपने साथी भूदेव गोप के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। दोनों ने नदी किनारे गमछे से गला दबाकर कोंका गोप की हत्या कर दी। इसके बाद पुलिस को सूचना देने के लिए आवेदन भी भागीरथ ने ही दिया, ताकि उस पर शक न हो।
जांच के दौरान पुलिस को मिले सुरागों के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में भागीरथ ने कथित तौर पर अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस के मुताबिक दोनों का कोई पूर्व आपराधिक इतिहास नहीं है।
बोकारो से चंदन सिंह की रिपोर्ट










