गुम और चोरी हुए मोबाइल की बरामदगी को लेकर बड़ी कार्रवाई, 78 फोन सौंपा गया
बोकारो पुलिस ने गुम और चोरी हुए मोबाइल की बरामदगी को लेकर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले के सभी थाना और ओपी प्रभारियों को CEIR पोर्टल के जरिए गुम मोबाइल को बरामद करने का निर्देश दिया गया था।

बोकारो पुलिस ने गुम और चोरी हुए मोबाइल की बरामदगी को लेकर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले के सभी थाना और ओपी प्रभारियों को CEIR पोर्टल के जरिए गुम मोबाइल को बरामद करने का निर्देश दिया गया था। इसी अभियान के तहत 30 जुलाई से 24 अगस्त तक पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों से कुल 78 मोबाइल बरामद किए हैं।
बरामद मोबाइलों का सत्यापन करने के बाद आज 25 अगस्त को उनके वास्तविक धारकों को सौंप दिया गया। मोबाइल मिलने के बाद लोगों में खुशी भी देखी गई। इसके लिए लोगों ने बोकारो पुलिस को धन्यवाद भी कहा मल्टीनेशनल कंपनी में काम करने वाले मोहम्मद जावेद खान को 20 दिनों के अंदर उनकी गुम हुई आईफोन मोबाइल उन्हें सुरक्षित मिल गई।
बोकारो पुलिस के मुताबिक पिछले चार महीनों में CEIR पोर्टल की मदद से कुल 567 मोबाइल बरामद किए जा चुके हैं और सभी मोबाइल उनके वास्तविक धारकों को सौंपे गए हैं। वहीं, मोबाइल चोरी से जुड़े मामलों में तीन कांड दर्ज कर पुलिस ने अनुसंधान भी शुरू कर दिया है।
पुलिस की इस कार्रवाई में चास, बेरमो-तेनुघाट, नगर, मुख्यालय और बोकारो क्षेत्र के थाना एवं ओपी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर बिना देर किए नजदीकी थाना को सूचना दें और सरकार के CEIR पोर्टल पर मोबाइल से संबंधित जरूरी जानकारी दर्ज करें।
एसपी ने बताया कि CEIR पोर्टल के जरिए गुम या चोरी हुए मोबाइल को ट्रैक करने में मदद मिलती है। अगर कोई व्यक्ति उस मोबाइल का इस्तेमाल करता है, तो इसकी जानकारी पुलिस और शिकायतकर्ता तक पहुंच सकती है। ऐसे में मोबाइल गुम होने पर तत्काल शिकायत दर्ज कराना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि तीन मोबाइल चोर के खिलाफ मामला भी दर्ज किया गया है।
बोकारो से चंदन सिंह की रिपोर्ट











