मोमोज दुकान संचालिका से मारपीट और छेड़खानी का आरोप
बोकारो के हरला थाना क्षेत्र के सेक्टर-9बी रोड स्थित एक मोमोज दुकान की संचालिका ने आदर्श ड्रेसज के दुकानदार अनुभव कुमार और उसके साथ आए करीब 15 लोगों पर गाली-गलौज, मारपीट, छेड़खानी, दुकान में तोड़फोड़ और सामान व आभूषण छीनने का गंभीर आरोप लगाया है।

बोकारो : बोकारो के हरला थाना क्षेत्र के सेक्टर-9बी रोड स्थित एक मोमोज दुकान की संचालिका ने आदर्श ड्रेसज के दुकानदार अनुभव कुमार और उसके साथ आए करीब 15 लोगों पर गाली-गलौज, मारपीट, छेड़खानी, दुकान में तोड़फोड़ और सामान व आभूषण छीनने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले को लेकर सेक्टर-8डी निवासी प्रीति कुमारी ने हरला थाना में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
पति ने अनुभव कुमार से 7 हजार उधार लिए थे, जिसे बाद में नकद वापस कर दिया गया
शिकायत के अनुसार, उनके पति ने अनुभव कुमार से सात हजार रुपए उधार लिए थे, जिसे बाद में नकद वापस कर दिया गया। इसके बावजूद अनुभव द्वारा दोबारा पैसे की मांग की जा रही थी। आरोप है कि 20 सितंबर की शाम अनुभव अपने करीब 15 साथियों के साथ उनकी दुकान पर पहुंचा और विवाद शुरू कर दिया। प्रीति का आरोप है कि उनके साथ गाली-गलौज और छेड़खानी की गई और कपड़े फाड़ दिए गए। उनके गले से मंगलसूत्र और सोने की चेन भी छीन ली गई।
शिकायत में विकास, प्रदीप, आनंद, गोपाल, रवि व दीपक सहित अन्य लोगों पर मारपीट में शामिल होने का आरोप लगाया गया है
शिकायत में विकास उर्फ एमएलए, प्रदीप महतो, आनंद कुमार, गोपाल कुमार, रवि कुमार, दीपक कुमार सहित अन्य लोगों पर मारपीट में शामिल होने का आरोप लगाया गया है। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों ने उनका मोबाइल छीनकर अपने नाम पर पैसे भेजने का प्रयास किया, दुकान का सामान इधर-उधर फेंक दिया और काउंटर से रुपये निकाल लिए। जाते समय दुकान बंद करने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
बोकारो से चंदन सिंह की रिपोर्ट










