23वीं झारखंड सशस्त्र पुलिस क्षेत्रीय शूटिंग प्रतियोगिता की शुरुआत, स्पेशल ब्रांच-CID समेत 23 टीमें ले रहीं हिस्सा
बोकारो में 23वीं झारखंड सशस्त्र पुलिस क्षेत्रीय शूटिंग प्रतियोगिता 2026-27 की शुरुआत हो गई है। प्रतियोगिता में जैप की सभी बटालियन के साथ आईआरबी, स्पेशल ब्रांच और सीआईडी की कुल 23 टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता 28 सितंबर तक चलेगी।

बोकारो में 23वीं झारखंड सशस्त्र पुलिस क्षेत्रीय शूटिंग प्रतियोगिता 2026-27 की शुरुआत हो गई है। झारखंड सशस्त्र पुलिस-4 के प्रांगण में आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्घाटन झा०स०पु०-4, बोकारो के समादेष्टा ऋषव कुमार झा ने किया। प्रतियोगिता में जैप की सभी बटालियन के साथ आईआरबी, स्पेशल ब्रांच और सीआईडी की कुल 23 टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता 28 सितंबर तक चलेगी।
मीडिया से बातचीत में समादेष्टा ऋषव कुमार झा ने बताया कि पुलिस विभाग की ओर से हर साल इस तरह की शूटिंग प्रतियोगिता आयोजित की जाती है, जिसमें पदाधिकारी और जवान अपनी निशानेबाजी की दक्षता का प्रदर्शन करते हैं।
उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी हथियार लेकर ड्यूटी करते हैं, ऐसे में किसी विकट परिस्थिति में आत्मरक्षा के लिए हथियार का सही तरीके से इस्तेमाल करना जरूरी है, ताकि किसी तरह का नुकसान न हो। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से जवानों की दक्षता के साथ-साथ उनका कॉन्फिडेंस लेवल भी बढ़ता है।
बोकारो से चंदन सिंह की रिपोर्ट










