सोन नदी में डुबिया मशीन से बालू खनन करते 13 गिरफ्तार
सोन नदी में अवैध बालू खनन, परिवहन व भंडारण के खिलाफ पुलिस और खनन विभाग की टीम ने बुधवार की देर रात छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की।

कोईलवर : सोन नदी में अवैध बालू खनन, परिवहन व भंडारण के खिलाफ पुलिस और खनन विभाग की टीम ने बुधवार की देर रात छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान सोन नदी में बड़े नाव पर फिट की गई डुबिया मशीन के जरिए बालू का अवैध खनन और परिवहन करते 13 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। मौके से बालू लदा डुबिया मशीन भी जब्त किया गया।
कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से बालू खनन में प्रयुक्त बड़े नाव पर लगी ड्रेजर मशीन बरामद की गई
पुलिस के अनुसार, भोजपुर एसपी के निर्देश पर जिला खनन पदाधिकारी और एसडीपीओ-2 सदर, भोजपुर के नेतृत्व में टीम गठित कर कोईलवर थाना क्षेत्र में सोन नदी में छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से बालू खनन में प्रयुक्त बड़े नाव पर लगी ड्रेजर मशीन बरामद की गई। आम बोलचाल की भाषा में इसे डुबिया मशीन कहा जाता है। पुलिस के मुताबिक, इसी मशीन के माध्यम से सोन नदी से अवैध तरीके से बालू का खनन और परिवहन किया जा रहा था।
पर्यावरण संरक्षण के मद्देनजर एनजीटी के निर्देश पर 15 जून से 15 अक्टूबर तक बालू के उत्खनन पर रोक है - पुलिस
पुलिस ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण के मद्देनजर एनजीटी के निर्देश पर 15 जून से 15 अक्टूबर तक बालू के उत्खनन पर रोक है। इसके बावजूद संगठित तरीके से बालू का अवैध खनन और परिवहन किए जाने की सूचना पर कार्रवाई की गई। मामले में कोईलवर थाने में सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपितों में सारण जिले के सोनपुर थाना क्षेत्र के सबलपुर पछियारी टोला निवासी गब्बर सिंह, कुश राय, लालमोहन कुमार, अशोक राय, प्रमोद राय, नंदकिशोर राय, राजेश्वर पासवान, जवाही सिंह, अजय राय, महेश यादव और विनोद राय शामिल हैं। इसके अलावा सबलपुर हस्ती टोला निवासी अखिलेश कुमार राय व बेगूसराय जिले के बछवाड़ा थाना क्षेत्र के लम्मर चकथा निवासी राजकुमार राय को भी गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस को धक्का मारने की कोशिश कर भाग रहे 5 बालू ट्रेलर जब्त, 3 चालक गिरफ्तार
भोजपुर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कोईलवर थाना क्षेत्र में बालू परिवहन करने वाले वाहनों के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के दौरान पुलिस ने पांच ट्रेलरों को जब्त किया है। इनमें तीन ट्रेलरों के चालकों पर पुलिस बल को धक्का मारकर भागने का प्रयास करने का आरोप है। वहीं दो अन्य ट्रेलरों पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर बालू का परिवहन करने का आरोप है। मामले में तीन चालकों को गिरफ्तार किया गया है।
चेकपोस्ट पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने और ओवरटेक कर आवागमन बाधित करने वाले वाहनों की जांच की जा रही थी
पुलिस के अनुसार, आरा-बबुरा रोड स्थित झलकुनगर मोड़ के पास चेकपोस्ट पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने और ओवरटेक कर आवागमन बाधित करने वाले वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान जमालपुर बाजार में मोटरसाइकिल गश्ती में तैनात पुलिसकर्मी ने सूचना दी कि बबुरा की ओर से तीन-चार बालू लदे खाली ट्रेलर तेज गति व लापरवाही से ओवरटेक करते हुए झलकुनगर की ओर जा रहे हैं। उन्हें रोकने का प्रयास करने पर चालकों द्वारा पुलिसकर्मियों को जान-बूझकर धक्का मारने का प्रयास किया गया।
सूचना के बाद झलकुनगर मोड़ पर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर 3 ट्रेलरों को पकड़ा
सूचना के बाद झलकुनगर मोड़ पर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर तीन ट्रेलरों को पकड़ा। जांच में ट्रेलरों के आगे और पीछे नंबर प्लेट नहीं मिली अथवा उन पर कालिख पोतकर टेंपरिंग की गई थी। ट्रेलर की बॉडी के दोनों ओर लाल पट्टी पर अंकित खनन रजिस्ट्रेशन नंबर व सॉफ्ट नंबर को भी मिटाने अथवा उसमें छेड़छाड़ किए जाने की बात सामने आई।
बालू परिवहन में प्रयुक्त 2 अन्य ट्रेलरों को भी जब्त किया गया
इसी दौरान गुप्त सूचना के आधार पर बालू परिवहन में प्रयुक्त दो अन्य ट्रेलरों को भी जब्त किया गया। पुलिस के अनुसार, इन ट्रेलरों पर पूर्व के रजिस्ट्रेशन नंबर हटाकर फर्जी नंबर प्लेट लगाई गई थी। दोनों मामलों में कोईलवर थाना में प्राथमिकी संख्या 207/26 और 208/26 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने मामले में बलिया जिले के चित्रकोड़ा थाना क्षेत्र के बीबीपुर निवासी मोहित यादव, देवरिया जिले के रामपुर थाना क्षेत्र के बलियावा निवासी संजय कुमार और परसौना निवासी संदीप यादव को गिरफ्तार किया है।
भोजपुर से दीपक गुप्ता की रिपोर्ट










