शिक्षा विभाग की DPO के ठिकानों पर बड़ा छापा, रूबी कुमारी के चार ठिकानों पर EOU की छापेमारी
बिहार के किशनगंज से इस वक्त की बड़ी खबर है। शिक्षा विभाग की जिला कार्यक्रम पदाधिकारी रूबी कुमारी के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई यानी EOU ने बड़ी कार्रवाई की है। आय से अधिक संपत्ति मामले में मंगलवार को उनके चार ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की जा रही है।

किशनगंज: बिहार के किशनगंज से इस वक्त की बड़ी खबर है। शिक्षा विभाग की जिला कार्यक्रम पदाधिकारी रूबी कुमारी के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई यानी EOU ने बड़ी कार्रवाई की है। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में मंगलवार को उनके चार ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की जा रही है।
किशनगंज में शिक्षा विभाग की अधिकारी रूबी कुमारी के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई की टीम ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। रूबी कुमारी सर्व शिक्षा अभियान में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी के पद पर कार्यरत हैं।
जानकारी के अनुसार, आय से लगभग 80 प्रतिशत अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में यह कार्रवाई की जा रही है। आर्थिक अपराध इकाई के डीएसपी मोहम्मद जनीफुद्दीन ने चार ठिकानों पर छापेमारी की पुष्टि करते हुए बताया कि फिलहाल जांच जारी है।
सूत्रों के मुताबिक, किशनगंज जिला मुख्यालय के कार्यालय व आवास के अलावा कटिहार, पटना सहित अन्य स्थानों पर भी जांच एजेंसी की टीमें तलाशी अभियान चला रही हैं। छापेमारी के दौरान संपत्ति से जुड़े दस्तावेज, बैंक खाते, निवेश और वित्तीय लेन-देन की जांच की जा रही है।
फिलहाल आर्थिक अपराध इकाई की छापेमारी जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही अधिकारी की संपत्ति और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।
किशनगंज से इमामुद्दीन की रिपोर्ट











