खराब ट्रांसफार्मर बदलने से ग्रामीणों में खुशी की लहर
किशनगंज जिले के ठाकुरगंज प्रखंड नगर पंचायत पौआखाली स्थित पश्चिम सिमलवाड़ी गांव में खराब बिजली ट्रांसफार्मर बदलने से स्थानीय ग्रामीणों में खुशी की लहर है।

किशनगंज जिले के ठाकुरगंज प्रखंड नगर पंचायत पौआखाली स्थित पश्चिम सिमलवाड़ी गांव में खराब बिजली ट्रांसफार्मर बदलने से स्थानीय ग्रामीणों में खुशी की लहर है। बता दें कि इस कार्य को लेकर ग्रामीणों ने नगर पंचायत के उप मुख्य पार्षद प्रतिनिधि मोहम्मद अबू नसर आलम, कनीय विद्युत अभियंता अभय कुमार रंजन और विद्युत विभाग के कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया है।
गौरतलब है कि विद्युत ट्रांसफार्मर खराब हो जाने के कारण बिजली आपूर्ति बाधित थी। इससे लगभग 600 घरों की एक हजार से अधिक आबादी प्रभावित हो रही थी। बिजली नहीं रहने से ग्रामीणों के दैनिक कार्यों, बच्चों की पढ़ाई और अन्य जरूरी गतिविधियों में काफी परेशानियां उत्पन्न हो रही थीं।
मंगलवार, 3 नवंबर 2026 को सुबह करीब 10 बजे ग्रामीणों की परेशानी की जानकारी मिलने पर उप मुख्य पार्षद प्रतिनिधि मोहम्मद अबू नसर आलम गांव पहुंचे। उन्होंने स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और बिजली संकट के समाधान के लिए पहल की। उन्होंने पौआखाली फीडर के कनीय विद्युत अभियंता अभय कुमार रंजन से दूरभाष पर बातचीत कर समस्या के शीघ्र निष्पादन का आग्रह किया।
इसके बाद विद्युत विभाग की त्वरित कार्रवाई से खराब ट्रांसफार्मर को बदल दिया गया और गांव में बिजली आपूर्ति बहाल होने से लोगों को राहत मिली। ग्रामीणों ने कहा कि जनप्रतिनिधि की तत्परता और विद्युत विभाग के अधिकारियों एवं कर्मियों के सहयोग से समस्या का जल्द समाधान संभव हो सका। उन्होंने इस कार्य के लिए सभी संबंधित लोगों की सराहना की।
ग्रामीण अलीमुद्दीन, नजीरुद्दीन, सफीक आलम, आजाद आलम, जाबुल रहमान, तुजेमूल, अशफाक आलम, सलाउद्दीन, जहांगीर आलम, सोहेल अख्तर, जाफर, सिकंदर और मोहम्मद सज्जाद आलम सहित अन्य लोगों ने बताया कि पहले गांव में 63 केवीए का ट्रांसफार्मर लगा था और अब भी 63 केवीए का ही ट्रांसफार्मर लगाया गया है। ग्रामीणों ने भविष्य में बढ़ती बिजली खपत और जरूरतों को देखते हुए 100 केवीए का ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की है।
ग्रामीणों को उम्मीद है कि उनकी इस मांग पर भी विद्युत विभाग और संबंधित जनप्रतिनिधि सकारात्मक पहल करेंगे, ताकि गांव में निर्बाध बिजली आपूर्ति बनी रहे। फिलहाल ट्रांसफार्मर बदले जाने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है और त्वरित सहयोग के लिए उप मुख्य पार्षद प्रतिनिधि मोहम्मद अबू नसर आलम, कनीय विद्युत अभियंता अभय कुमार रंजन तथा विभागीय कर्मियों का धन्यवाद किया है।
किशनगंज से इमामुद्दीन की रिपोर्ट











