211 नए डिग्री कॉलेजों में शिक्षक बहाली की मांग, तेजस्वी ने सम्राट को लिखा पत्र
बिहार के 211 नए डिग्री कॉलेजों में शिक्षकों की नियुक्ति को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को पत्र लिखा है।

पटना : बिहार के 211 नए डिग्री कॉलेजों में शिक्षकों की नियुक्ति को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को पत्र लिखा है। पत्र में उन्होंने उर्दू, फारसी, अरबी, मैथिली और संस्कृत जैसे विषयों के लिए असिस्टेंट प्रोफेसरों के पद जल्द निर्धारित करने और भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग की है।
पत्र के मुताबिक, इन कॉलेजों में उर्दू, फारसी, अरबी, मैथिली और संस्कृत विषयों के शिक्षकों की उपलब्धता जरूरी है
आपको बता दें कि 25 सितंबर 2026 की तारीख वाले इस पत्र में तेजस्वी यादव ने कहा है कि बिहार के अलग-अलग प्रखंडों में स्थापित 211 नए डिग्री कॉलेजों में बड़ी संख्या में ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्र उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। पत्र के मुताबिक, इन कॉलेजों में उर्दू, फारसी, अरबी, मैथिली और संस्कृत विषयों के शिक्षकों की उपलब्धता जरूरी है। तेजस्वी यादव ने कहा कि शिक्षकों की कमी की वजह से छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने में परेशानी हो सकती है।
तेजस्वी यादव ने अपनी मांगों में सबसे पहले विषयवार असिस्टेंट प्रोफेसरों के पदों का निर्धारण और स्वीकृति देने की बात कही है
तेजस्वी यादव ने अपनी मांगों में सबसे पहले विषयवार असिस्टेंट प्रोफेसरों के पदों का निर्धारण और स्वीकृति देने की बात कही है। इसके साथ ही स्वीकृत पदों को लेकर आधिकारिक अधिसूचना जल्द जारी करने की मांग की गई है, ताकि नियुक्ति प्रक्रिया आगे बढ़ सके। पत्र में असिस्टेंट प्रोफेसरों की नियमित नियुक्ति के लिए भर्ती प्रक्रिया तत्काल शुरू करने और इसे पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा करने की भी मांग की गई है।
नियमित नियुक्ति होने तक संबंधित विषयों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए अंतरिम शिक्षण व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए - तेजस्वी
उन्होंने यह भी कहा है कि नियमित नियुक्ति होने तक संबंधित विषयों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए अंतरिम शिक्षण व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए। तेजस्वी यादव ने पत्र में उर्दू, फारसी, अरबी, मैथिली और संस्कृत को बिहार की भाषाई और सांस्कृतिक विविधता का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया है। उनका कहना है कि इन विषयों में शिक्षकों की नियुक्ति रोजगार के साथ-साथ छात्रों के शैक्षणिक अधिकार और गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा से भी जुड़ा विषय है। अब देखना होगा कि 211 नए डिग्री कॉलेजों में शिक्षकों की नियुक्ति को लेकर उठाई गई इन मांगों पर सरकार की ओर से क्या कदम उठाया जाता है।










