सोताचक मुसहरी में विषधर सांप के डसने से 2 बेटों की मौत, एम्स में वेंटिलेटर पर मां शकुंतला देवी
प्रखंड के सकरैचा पंचायत स्थित सोताचक मुसहरी में शनिवार की सुबह विषधर सांप के डसने से एक दलित परिवार के दो बेटों की मौत हो गयी, जबकि उनकी मां शकुंतला देवी गंभीर हालत में एम्स पटना में वेंटिलेटर पर इलाजरत हैं।

फुलवारीशरीफ : प्रखंड के सकरैचा पंचायत स्थित सोताचक मुसहरी में शनिवार की सुबह विषधर सांप के डसने से एक दलित परिवार के दो बेटों की मौत हो गई, जबकि उनकी मां शकुंतला देवी गंभीर हालत में एम्स पटना में वेंटिलेटर पर इलाजरत हैं। घटना के बाद कुछ समय तक शकुंतला देवी की भी मौत की सूचना फैल गई थी, लेकिन बाद में उनके होश में आने की जानकारी मिली। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। मृतकों में शकुंतला देवी के दोनों बेटे मोहित कुमार और वेधु राज शामिल हैं। बताया जाता है कि शनिवार की सुबह करीब पांच बजे शकुंतला देवी अपने दोनों बेटों के साथ घर में सोयी हुई थीं। इसी दौरान घर में घुसे विषधर सांप ने तीनों को डस लिया। घटना के बाद परिजन आनन-फानन में तीनों को इलाज के लिए अस्पताल ले गए, जहां दोनों बच्चों की मौत हो गई। गंभीर हालत में शकुंतला देवी को एम्स पटना रेफर किया गया।
शकुंतला देवी के एम्स में भर्ती होने की जानकारी मिलने पर फुलवारीशरीफ के पूर्व MLA गोपाल रविदास अस्पताल पहुंचे
आपको बता दें कि शकुंतला देवी के एम्स में भर्ती होने की जानकारी मिलने पर फुलवारीशरीफ के पूर्व विधायक गोपाल रविदास अस्पताल पहुंचे। उन्होंने डॉक्टरों से बातचीत कर महिला के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके समुचित इलाज को लेकर चिकित्सकों से चर्चा की। सकरैचा पंचायत के मुखिया एवं फुलवारीशरीफ प्रखंड मुखिया संघ के अध्यक्ष मंटू यादव भी एम्स पहुंचे। उन्होंने बताया कि दोनों बच्चों की मौत पर सरकार की ओर से तत्काल सहायता राशि के रूप में 20-20 हजार रुपए दिए गए हैं। दोनों बच्चों के लिए कुल 40 हजार रुपए की सहायता राशि उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने कहा कि आगे भी नियमानुसार मिलने वाली सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी। शकुंतला देवी के इलाज और देखरेख की भी व्यवस्था की जा रही है।
बबलू मांझी मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं
बताया जाता है कि बबलू मांझी मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। लगातार हो रही बारिश के कारण इलाके में जलजमाव है। ग्रामीणों के अनुसार, बारिश के कारण आसपास के इलाकों में सांप और अन्य जहरीले जीवों का खतरा बढ़ गया है। इसी दौरान विषधर सांप घर में घुस आया और सो रहे परिवार के तीन सदस्यों को डस लिया। घटना की जानकारी मिलने पर भाकपा माले प्रखंड कमेटी के सदस्य कामरेड ललीन पासवान घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ित परिवार और ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। उन्होंने परिवार की स्थिति का जायजा लिया।
भाकपा माले प्रखंड सचिव गुरुदेव दास ने सरकार से पीड़ित परिवार को 10 लाख मुआवजा देने की मांग की है
भाकपा माले प्रखंड सचिव गुरुदेव दास ने सरकार से पीड़ित परिवार को 10 लाख रुपए मुआवजा देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि परिवार भूमिहीन है और नहर के चाट में झोपड़ी बनाकर रहने को मजबूर है। उन्होंने परिवार को तीन डिसमिल जमीन उपलब्ध कराने और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान देने की भी मांग की। एक ही परिवार के दो बच्चों की मौत और मां के गंभीर हालत में वेंटिलेटर पर इलाजरत होने से सोताचक मुसहरी में मातम पसरा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के साथ बारिश के दौरान सांपों से बचाव के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
फुलवारीशरीफ से पीयूष की रिपोर्ट










