कार्तिक पूर्णिमा पर कौनहारा घाट में कंट्रोल रूम स्थापित, सभापति ने किया उद्घाटन
कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर हाजीपुर के ऐतिहासिक कौनहारा घाट पर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सहायता को लेकर नगर परिषद हाजीपुर की ओर से विशेष व्यवस्था की गई है।

हाजीपुर: कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर हाजीपुर के ऐतिहासिक कौनहारा घाट पर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सहायता को लेकर नगर परिषद हाजीपुर की ओर से विशेष व्यवस्था की गई है। श्रद्धालुओं की समस्याओं के त्वरित समाधान और आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से घाट पर अस्थायी कार्यालय सह नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है।
इस अस्थायी नियंत्रण कक्ष का उद्घाटन नगर परिषद हाजीपुर की सभापति डॉ. संगीता कुमारी ने फीता काटकर किया। इस पहल का उद्देश्य कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर गंगा स्नान के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना तथा किसी भी प्रकार की परेशानी की स्थिति में तत्काल सहायता सुनिश्चित करना है।
नियंत्रण कक्ष के माध्यम से श्रद्धालुओं को आवश्यक जानकारी, सहायता और विशेष रूप से खोया-पाया से संबंधित मामलों में सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए यह व्यवस्था काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
नगर परिषद हाजीपुर की ओर से कहा गया कि कार्तिक पूर्णिमा जैसे बड़े धार्मिक आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं की सेवा, सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रयास है कि श्रद्धालु सुव्यवस्थित और सुरक्षित माहौल में गंगा स्नान एवं पूजा-अर्चना कर सकें।
नगर परिषद की इस पहल के तहत श्रद्धालुओं की सहायता के लिए नियंत्रण कक्ष को सक्रिय किया गया है, ताकि पर्व के दौरान आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर नगर परिषद हाजीपुर ने श्रद्धालुओं की सेवा और सुविधा को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
हाजीपुर (वैशाली) से संतोष कुमार सिंह की रिपोर्ट














