झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा: प्रखंड स्तरीय कार्यक्रम, लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण
झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा-2026 के अवसर पर सोमवार को बाघमारा प्रखंड मुख्यालय परिसर में भव्य प्रखंड स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

धनबाद : झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा-2026 के अवसर पर सोमवार को बाघमारा प्रखंड मुख्यालय परिसर में भव्य प्रखंड स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े लाभुकों तक पहुँचाना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना रहा।
कार्यक्रम के दौरान प्रखंड के वरीय पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति में विभिन्न विभागों द्वारा लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों एवं स्वीकृति पत्रों का वितरण किया गया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से निम्नलिखित योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया:
* आजीविका संवर्धन (JSLPS): झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (DAY-NRLM) के तहत स्वयं सहायता समूहों (SHG) को कैश क्रेडिट लिंकेज (CCL) के माध्यम से ₹25 करोड़ 97 लाख (₹25,97,00,000) का सांकेतिक चेक प्रदान किया गया, जिससे ग्रामीण महिलाओं के स्वरोजगार को नई गति मिलेगी।
* शिक्षा प्रोत्साहन: स्कूली छात्र-छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से निःशुल्क साइकिलों का वितरण किया गया।
* पशुधन एवं कृषि विकास: मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के अंतर्गत लाभुकों को स्वरोजगार हेतु बत्तख के चूजों का वितरण किया गया, साथ ही किसानों को उन्नत खेती के लिए बीज किट भी उपलब्ध कराए गए।
* स्वास्थ्य, पोषण एवं सामाजिक सुरक्षा: कार्यक्रम स्थल पर नन्हे बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया एवं गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म पूरी कर उन्हें पोषण के प्रति जागरूक किया गया। इसके अतिरिक्त, लाभुकों को जॉब कार्ड / स्वास्थ्य एवं अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के कार्ड भी वितरित किए गए।
झारखण्ड आंदोलनकारियों को सम्मान : झारखंड राज्य के निर्माण में अहम भूमिका निभाने वाले आंदोलनकारियों के योगदान को नमन करते हुए आज उन्हें विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि राज्य की नींव इन्हीं आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान पर टिकी है, और आने वाली पीढ़ियां उनके इस त्याग को सदैव याद रखेंगी।
इस अवसर पर उपस्थित पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने कहा कि राज्य सरकार हर वर्ग के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है और स्थापना दिवस पखवाड़े के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित प्रखंड विकास पदाधिकारी लक्ष्मण यादव, अंचल अधिकारी एवं जनप्रतिनिधियों ने सभी लाभुकों को शुभकामनाएं दीं और सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। कार्यक्रम में प्रखंड स्तरीय अधिकारी, कर्मचारी, पंचायत प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण लाभुक उपस्थित थे।
धनबाद से युधिष्ठिर की रिपोर्ट














