चेन स्नैचर गैंग का भंडाफोड़, कटिहार से मुख्य आरोपी गिरफ्तार, 10 से अधिक आपराधिक कांडों में नामजद
हाजीपुर में महिलाओं के गले से सोने की चेन उड़ाने वाले गैंग पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। शहर में लगातार हो रही चेन स्नैचिंग की घटनाओं के बीच पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है।

हाजीपुर : हाजीपुर में महिलाओं के गले से सोने की चेन उड़ाने वाले गैंग पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। शहर में लगातार हो रही चेन स्नैचिंग की घटनाओं के बीच पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। सीसीटीवी फुटेज ने खोला राज, तो पुलिस की टीम पहुंच गई कटिहार। जहां से कथित चेन स्नैचर राजू कुमार यादव को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की निशानदेही पर छीनी गई सोने की चेन भी बरामद हुई है।
गिरफ्तार आरोपी पर 10 से अधिक आपराधिक कांड दर्ज हैं
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी पर 10 से अधिक आपराधिक कांड दर्ज हैं। वहीं, गैंग के दो अन्य सदस्यों की भी पहचान कर ली गई है। वैशाली जिले के हाजीपुर में नवंबर महीने के दौरान चेन स्नैचिंग की लगातार सामने आ रही घटनाओं ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी थी। नगर थाना और सदर थाना क्षेत्र में बाइक सवार अपराधी महिलाओं को निशाना बनाकर उनके गले से सोने की चेन छीनकर फरार हो रहे थे। लगातार हो रही इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए वैशाली एसएसपी के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने कटिहार में छापेमारी कर राजू को गिरफ्तार किया
इसके बाद सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल शुरू हुई। शहर के अलग-अलग इलाकों में लगे कैमरों के फुटेज खंगाले गए। इसी दौरान पुलिस को एक संदिग्ध की पहचान करने में सफलता मिली। जांच में सामने आया कि आरोपी कटिहार से ऑपरेट करता था और अलग-अलग जिलों में जाकर चेन स्नैचिंग और रुपए की छिनतई की घटनाओं को अंजाम देता था। इसके बाद पुलिस टीम ने कटिहार में छापेमारी कर राजू कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी कटिहार जिले के नया टोला, जुलाबगंज का रहने वाला बताया गया है।
बाइक सवार 2 व्यक्तियों ने दीपमाला के गले से सोने की चेन छीन ली थी व मौके से फरार हो गए थे
पुलिस के मुताबिक, हाजीपुर के जदूआ बाजार लालटेन चौक पर बाइक सवार दो व्यक्तियों ने दीपमाला कुमारी के गले से सोने की चेन छीन ली थी और मौके से फरार हो गए थे। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ और उसकी निशानदेही पर पुलिस ने छीनी गई चेन बरामद कर ली है। इस पूरे मामले में गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। पुलिस के अनुसार, राजू कुमार यादव के खिलाफ 10 से अधिक आपराधिक कांड दर्ज होने की जानकारी मिली है। अब दूसरे जिलों में भी उसके आपराधिक रिकॉर्ड को खंगाला जा रहा है।
पूछताछ के दौरान इस गैंग में शामिल 2 अन्य आरोपियों की भी पहचान हुई है
वहीं, पूछताछ के दौरान इस गैंग में शामिल दो अन्य आरोपियों की भी पहचान हुई है। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। फिलहाल हाजीपुर में चेन स्नैचिंग की घटनाओं के खुलासे के बाद पुलिस की जांच का दायरा दूसरे जिलों तक पहुंच गया है। अब देखना होगा कि पुलिस कब तक इस गैंग के बाकी सदस्यों को गिरफ्तार कर पाती है और शहर में चेन स्नैचिंग की घटनाओं पर कितना अंकुश लग पाता है।
वैशाली से संतोष कुमार सिंह की रिपोर्ट













