ट्रक और स्कॉर्पियो की भीषण टक्कर, एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत, 2 लोग घायल
औरंगाबाद में एनएच-19 पर रतनुआ पेट्रोल पंप के पास सुबह ट्रक और स्कॉर्पियो की भीषण टक्कर में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई है। मृतकों में पिता, उनका आठ वर्षीय बेटा और ससुर शामिल हैं, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

औरंगाबाद : औरंगाबाद में एनएच-19 पर रतनुआ पेट्रोल पंप के पास सुबह ट्रक और स्कॉर्पियो की भीषण टक्कर में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई है। मृतकों में पिता, उनका आठ वर्षीय बेटा और ससुर शामिल हैं, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। परिवार मुंबई से लौटकर बनारस से स्कॉर्पियो के जरिए नवादा स्थित अपने गांव जा रहा था। तभी हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया घटना नगर थाना क्षेत्र के पेट्रोल पंप के पास की है।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी
मृतकों में आठ वर्षीय मासूम समेत उसके पिता और नाना शामिल हैं। हादसे में स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन में सवार लोग अंदर ही फंस गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मृतकों की पहचान नवादा जिले के पकड़ीबरावां थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव निवासी 48 वर्षीय राजकुमार चौहान, उनके आठ वर्षीय पुत्र रितेश कुमार और उनके ससुर भगवान दास के रूप में हुई है। वहीं, घायलों में भगवान दास के पुत्र नीतीश चौहान, उनकी बहन व राजकुमार की पत्नी किरण कुमारी शामिल हैं। तीनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल, गया रेफर कर दिया गया।
मुंबई से लौट रहा था परिवार, बनारस से पकड़ी थी स्कॉर्पियो
जानकारी के अनुसार राजकुमार चौहान मुंबई में नौकरी करते थे। वह पत्नी किरण कुमारी और बेटे रितेश के साथ मुंबई से बस के जरिए बनारस पहुंचे थे। वहां से नवादा स्थित अपने गांव जाने के लिए उन्होंने अपने साले नीतीश चौहान और ससुर भगवान दास के साथ स्कॉर्पियो से यात्रा शुरू की थी। परिवार के सभी छह सदस्य घर पहुंचने की उम्मीद में सफर कर रहे थे, लेकिन औरंगाबाद में हुए हादसे ने उनकी खुशियां छीन लीं।
टक्कर के बाद मची चीख-पुकार, 2 की मौके पर मौत
बताया जाता है कि गुरुवार की सुबह स्कार्पियो रतनुआ पेट्रोल पंप के समीप पहुंची, तभी ट्रक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद स्कार्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। हादसे में भगवान दास और मासूम रितेश की मौके पर ही मौत हो गई। आसपास के लोग घटनास्थल पर जुट गए और राहत-बचाव कार्य में जुटे।

इलाज के दौरान राजकुमार ने भी तोड़ा दम
घटना की सूचना पर एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया। नगर थानाध्यक्ष बबन बैठा भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन की। अस्पताल में चिकित्सकों ने घायलों का इलाज शुरू किया, लेकिन राजकुमार चौहान की हालत लगातार गंभीर बनी रही। आखिरकार इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया। इस तरह हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की जान चली गई।
परिजनों की चीत्कार से गमगीन हुआ अस्पताल परिसर
हादसे की सूचना मिलते ही नवादा से मृतकों के परिजन औरंगाबाद सदर अस्पताल पहुंचे। अपनों की मौत और तीन अन्य की गंभीर स्थिति देखकर परिजन दहाड़ मारकर रोने लगे। मासूम रितेश की मौत से अस्पताल में मौजूद हर व्यक्ति स्तब्ध रह गया। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की असमय मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। अस्पताल परिसर में देर तक चीख-पुकार और मातम पसरा रहा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
औरंगाबाद से रुपेश कुमार की रिपोर्ट













