दशहरा-दीपावली-छठ को लेकर प्रशासन अलर्ट! शांति समिति की बैठक में बड़े फैसले
सीवान के महाराजगंज अनुमंडल में दशहरा, दीपावली और छठ महापर्व को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को महाराजगंज अनुमंडल कार्यालय के संवाद कक्ष में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

सीवान के महाराजगंज अनुमंडल में दशहरा, दीपावली और छठ महापर्व को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को महाराजगंज अनुमंडल कार्यालय के संवाद कक्ष में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी अनिता सिन्हा ने की। बैठक में महाराजगंज डीएसपी अमन कुमार के साथ अनुमंडल के कई पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और शांति समिति के सदस्य मौजूद रहे।
बैठक में आगामी पर्वों के दौरान शांति, सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। सबसे पहले शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में पर्व के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराने को लेकर विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ चर्चा की गई। वहीं, शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती को लेकर भी रणनीति बनाई गई।
शांति समिति के सदस्यों ने शहर में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था कराने की मांग रखी, जिस पर नगर पंचायत के अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। वहीं, दशहरा के दौरान प्रसिद्ध जरती माता मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए विशेष पुलिस बल की तैनाती को लेकर भी चर्चा हुई।
बैठक में पूजा पंडालों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया। पंडाल संचालकों को अनिवार्य रूप से लाइसेंस लेने का निर्देश दिया गया है। साथ ही पंडालों की जांच के लिए संबंधित थानाध्यक्ष, अंचलाधिकारी और प्रखंड विकास पदाधिकारी को जिम्मेदारी दी गई है। अधिकारियों को यह भी जांच करने का निर्देश दिया गया है कि पंडालों में आग से बचाव के लिए पर्याप्त मात्रा में बालू और अन्य अग्निशमन व्यवस्था उपलब्ध है या नहीं।
अग्निशमन विभाग को सभी पूजा पंडालों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, छठ महापर्व को देखते हुए घाटों की साफ-सफाई, सुरक्षा और आवश्यक सुविधाओं को लेकर भी अधिकारियों के साथ चर्चा की गई।
ध्वनि प्रदूषण को लेकर भी प्रशासन ने सख्त निर्देश जारी किया है। एसडीओ अनिता सिन्हा ने स्पष्ट कहा कि रात 10 बजे के बाद साउंड सिस्टम के इस्तेमाल पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
दशहरा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मेडिकल टीम की व्यवस्था करने का भी निर्देश दिया गया है। वहीं, बिना लाइसेंस के पटाखों की दुकान लगाने की अनुमति नहीं होगी। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि केवल वैध लाइसेंस वाले दुकानदार ही पटाखों की बिक्री कर सकेंगे।
पूजा पंडालों में बिजली की व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिया है। पंडालों में बिजली के इस्तेमाल के लिए टेंपरेरी विद्युत कनेक्शन लेना अनिवार्य होगा, ताकि किसी तरह की दुर्घटना की आशंका को कम किया जा सके।
इसके अलावा पर्व के दौरान मिलावटी या डुप्लीकेट मिठाइयों की बिक्री पर भी प्रशासन की नजर रहेगी। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक मिठाई दुकानों की जांच के लिए अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी और मिलावटी या नकली मिठाई बेचने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
कुल मिलाकर, दशहरा, दीपावली और छठ को लेकर महाराजगंज अनुमंडल प्रशासन ने सुरक्षा, बिजली, साफ-सफाई, अग्निशमन, मेडिकल सुविधा और कानून-व्यवस्था को लेकर पूरी तैयारी का दावा किया है। प्रशासन ने लोगों से भी पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाने की अपील की है।
सीवान से नागेन्द्र कुमार की रिपोर्ट













