700-800 करोड़ खर्च, फिर भी सरकारी मेडिकल कॉलेजों से अपेक्षित परिणाम नहीं! CM सम्राट का बड़ा बयान
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बुधवार को हेलीकॉप्टर से सीवान पहुंचे, जहां दरौंदा प्रखंड के चिंतामनपुर स्थित ममता मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल में आयोजित भव्य कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने मेडिकल कॉलेज के MBBS बैच-2026 का उद्घाटन किया।

सीवान: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बुधवार को हेलीकॉप्टर से सीवान पहुंचे, जहां दरौंदा प्रखंड के चिंतामनपुर स्थित ममता मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल में आयोजित भव्य कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने मेडिकल कॉलेज के MBBS बैच-2026 का उद्घाटन किया और व्हाइट कोट सेरेमनी में शामिल होकर नए मेडिकल छात्र-छात्राओं को चिकित्सा सेवा के नए सफर की शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था, मेडिकल शिक्षा और निजी मेडिकल कॉलेजों की भूमिका को लेकर कई अहम बातें कहीं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बिहार में स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सरकारी मेडिकल कॉलेजों के साथ-साथ निजी मेडिकल संस्थानों को भी आगे बढ़ाना बेहद जरूरी है।
सरकारी मेडिकल कॉलेज पर 700-800 करोड़ खर्च, फिर भी अपेक्षित परिणाम नहीं!
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि अब तक वह सरकारी मेडिकल कॉलेजों का दौरा करते रहे हैं, लेकिन अब जानबूझकर निजी मेडिकल कॉलेजों का भी दौरा कर रहे हैं, ताकि सरकारी और निजी संस्थानों के बीच की व्यवस्थाओं और अंतर को समझा जा सके।
उन्होंने कहा कि एक सरकारी मेडिकल कॉलेज के निर्माण पर लगभग 700 से 800 करोड़ रुपये खर्च होते हैं, इसके बावजूद अपेक्षित परिणाम नहीं मिल पाते हैं। ऐसे में बिहार के विकास और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए निजी मेडिकल संस्थानों को भी मजबूत बनाना आवश्यक है।
सरकारी अस्पतालों से बेहतर हो शिक्षा और इलाज की गुणवत्ता
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समृद्ध बिहार के संकल्प का जिक्र करते हुए कहा कि बिहार के मेडिकल संस्थानों में शिक्षा और इलाज की गुणवत्ता बेहतर होनी चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि निजी मेडिकल संस्थान चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में बेहतर मानक स्थापित करेंगे।
उन्होंने कहा कि बिहार को बदलने के लिए केवल सरकारी संस्थानों के भरोसे नहीं रहा जा सकता। सरकारी और निजी दोनों क्षेत्रों को मिलकर स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करना होगा।
व्हाइट कोट पहनकर डॉक्टर बनने के सफर पर निकले नए विद्यार्थी
कार्यक्रम के दौरान MBBS बैच-2026 के छात्र-छात्राओं के लिए व्हाइट कोट सेरेमनी आयोजित की गई। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और चिकित्सा शिक्षा के इस नए सफर के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर पूर्व स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, स्थानीय सांसद, विधायक, ममता मेडिकल कॉलेज के चेयरमैन डॉ. कौशल कुमार गिरी सहित कई जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
सीवान से मुख्यमंत्री का संदेश साफ है—बिहार में बेहतर चिकित्सा शिक्षा और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं के लिए सरकारी और निजी मेडिकल संस्थानों की भागीदारी जरूरी है। अब देखना होगा कि यह पहल बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था को किस तरह नई दिशा देती है।
सीवान से नागेन्द्र कुमार की रिपोर्ट














