सासाराम बाईपास सड़क का लोकार्पण करेंगे CM सम्राट चौधरी, युवा संवाद कार्यक्रम और सहयोग शिविर में लेंगे हिस्सा
सासाराम। बिहार की सत्ता पर काबिज होने के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज पहली बार रोहतास आ रहे हैं। यहां वे सासाराम में बाईपास सड़क का लोकार्पण करने के साथ-साथ युवा संवाद कार्यक्रम एवं सहयोग शिविर में भी हिस्सा लेंगे।

सासाराम। बिहार की सत्ता पर काबिज होने के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज पहली बार रोहतास आ रहे हैं। यहां वे सासाराम में बाईपास सड़क का लोकार्पण करने के साथ-साथ युवा संवाद कार्यक्रम एवं सहयोग शिविर में भी हिस्सा लेंगे। इनके साथ उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, जिले के प्रभारी मंत्री अशोक चौधरी सहित अन्य बड़े नेताओं के भी शामिल होने की संभावना है।
युवा संवाद कार्यक्रम को करेंगे संबोधित
सम्राट चौधरी सुबह करीब दस बजे रोहतास जिले के जमुहार स्थित नारायण मेडिकल कॉलेज के हैलीपेड पर उतरेंगे। मुख्यमंत्री कॉलेज परिसर में हीं आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम को संबोधित करेंगे और करीब 11:30 बजे सासाराम के लिए सड़क मार्ग से प्रस्थान कर जाएंगे।
9.2 किमी लंबे बाइपास सड़क का लोकार्पण
मुख्यमंत्री सासाराम के बेदा बस स्टैंड से मोकर तक करीब 9.2 किलोमीटर लंबे बाईपास सड़क का उद्घाटन करेंगे। बाईपास सड़क को लगभग 122.39 करोड़ की लागत से तैयार किया गया है। इस मार्ग पर कई छोटे-बड़े पुल-पुलिया एवं आरोबी भी बनाये गये हैं। साथ हीं कार्यक्रम स्थल के समीप मुख्यमंत्री कायाकल्प अभियान के तहत जीणोद्धार किए गए एक पोखरे का भी निरीक्षण करेंगे।
सहयोग शिविर और स्टॉल निरीक्षण
इसके बाद मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय करूप के लिए प्रस्थान करेंगे। यहां वे विद्यालय में निर्मित खगोल विज्ञान प्रयोगशाला एवं सहयोग शिविर का उद्घाटन करेंगे और विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टाॅलों का उनके द्वारा निरीक्षण किया जाएगा। अंत में मुख्यमंत्री बेदा स्थित महिला पुलिस बटालियन के हेलीपैड से करीब 12:40 बजे पटना के लिए रवाना होंगे।
तैयारी पूरी, सुरक्षा व्यवस्था सख्त
वहीं मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली है। बेदा बाईपास सड़क एवं पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में कार्यक्रम स्थल बनाए गए हैं, जहां लोगों के बैठने के लिए पंडाल भी तैयार किया गया है। मुख्यमंत्री के कारकेड को लेकर कई जगहों पर यातायात व्यवस्था में परिवर्तन किया गया है। जगह-जगह सड़कों पर बैरिकेडिंग की गई है तथा कार्यक्रम के दौरान कुछ सड़कों पर थोड़ी देर के लिए यातायात बाधित रहेगा। इसके अलावा मुख्यमंत्री की सुरक्षा में सैकड़ो की संख्या में दंडाधिकारी और भारी पुलिस बल की तैनाती रहेगी।
सासाराम से दिवाकर तिवारी की रिपोर्ट













