पागल सियार का आतंक, हमले में दर्जनों लोग घायल, गुस्साए लोगों ने पीट-पीटकर मार डाला
रोहतास जिले के बिक्रमगंज शहर में शुक्रवार की रात करीब नौ बजे एक पागल सियार के हमले में दर्जनों लोग घायल हो गये। सभी घायलों का बिक्रमगंज के अनुमंडल अस्पताल में फिलहाल इलाज चल रहा है।

सासाराम: रोहतास जिले के बिक्रमगंज शहर में शुक्रवार की रात करीब नौ बजे एक पागल सियार के हमले में दर्जनों लोग घायल हो गये। सभी घायलों का बिक्रमगंज के अनुमंडल अस्पताल में फिलहाल इलाज चल रहा है और सूचना पर अस्पताल पहुंचे एसडीएम दिलीप कुमार ने पीड़ितों का हाल-चाल लिया है।
जानकारी के अनुसार बिक्रमगंज शहर के एक चर्चित व्यवसाई सतीश कुमार को सियार ने चेहरे पर काट कर बुरी तरह जख्मी कर दिया है। उन्हें बिक्रमगंज के एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। जबकि सियार ने महिलाओं समेत अन्य लोगों को भी जख्मी किया है, जिनका अनुमंडल अस्पताल में इलाज चल रहा है।
बिक्रमगंज एसडीएम दिलीप कुमार ने अनुमंडल अस्पताल तथा अन्य जगहों पर इलाजरत सभी घायलों से मिलकर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली है। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को सभी घायलों को प्राथमिकता के आधार पर समुचित उपचार एवं आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।
इधर हमले से गुस्साए स्थानीय लोगों ने सियार को ईंट पत्थर एवं डंडों से पीट-पीटकर मार डाला। इसके बाद घटना की जानकारी वन विभाग को दी गई और मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने सियार के शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं वन विभाग ने लोगों से रात्रि में सुनसान क्षेत्रों में जाने तथा किसी आक्रामक जंगली जानवर के दिखाई देने पर उससे दूरी बनाए रखते हुए तत्काल स्थानीय प्रशासन को सूचना देने की अपील की है।
सासाराम से दिवाकर तिवारी की रिपोर्ट










