छठ महापर्व को लेकर के 9वीं वाहनी NDRF पूरी तरह अलर्ट, बिहार के विभिन्न घाटों पर 14 विशेष बचाव टीमों की तैनाती
लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा-2026 को लेकर श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 9वीं वाहिनी एनडीआरएफ पूरी तरह अलर्ट मोड में है। छठ घाटों पर एनडीआरएफ की कुल 14 विशेष बचाव टीमों की तैनाती की गई है।

बिहटा (पटना) : लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा-2026 को लेकर श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 9वीं वाहिनी एनडीआरएफ पूरी तरह अलर्ट मोड में है। छठ पर्व के दौरान संभावित जल दुर्घटनाओं एवं किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के उद्देश्य से कमांडेंट हितेंद्र पाल सिंह कंडारी के नेतृत्व में बिहार के विभिन्न संवेदनशील छठ घाटों पर एनडीआरएफ की कुल 14 विशेष बचाव टीमों की तैनाती की गई है।
पटना जिले में गंगा नदी के विभिन्न घाटों पर NDRF की 9 विशेष टीमें तैनात की गई हैं
जानकारी के अनुसार, पटना जिले में गंगा नदी के विभिन्न घाटों पर एनडीआरएफ की नौ विशेष टीमें तैनात की गई हैं। इसके अलावा मुंगेर, रोहतास, औरंगाबाद एवं सुपौल जिले में एक-एक बचाव टीम की तैनाती की गई है। साथ ही एक अतिरिक्त विशेष बचाव टीम को भी तैयार रखा गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता पहुंचाई जा सके।
सभी बचाव टीमों में प्रशिक्षित गोताखोरों के साथ मोटर बोट, लाइफ जैकेट, डीप डाइविंग उपकरण व अन्य आधुनिक बचाव संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं
सभी बचाव टीमों में प्रशिक्षित गोताखोरों के साथ मोटर बोट, लाइफ जैकेट, डीप डाइविंग उपकरण एवं अन्य आधुनिक बचाव संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं। एनडीआरएफ के जवान घाटों पर लगातार निगरानी रखने के साथ श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्नान करने, निर्धारित बैरिकेडिंग के अंदर रहने और बच्चों और बुजुर्गों की विशेष देखभाल करने के लिए जागरूक कर रहे हैं। कमांडेंट हितेंद्र पाल सिंह कंडारी के नेतृत्व में 9वीं वाहिनी एनडीआरएफ के जवान किसी भी आपातकालीन परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह मुस्तैद हैं। प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और छठ महापर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित संपन्न कराने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
बिहटा से मयंक सिंह की रिपोर्ट













