अब राजधानी से यहां तक चलेगी एसी पिंक बस, केवल महिलाएं ही करेंगी सफर
महिलाओं के लिए सुरक्षित और आरामदायक यात्रा उपलब्ध कराने वाली पिंक बस सेवा का अब विस्तार किया जा रहा है।

पटना: महिलाओं के लिए सुरक्षित और आरामदायक यात्रा उपलब्ध कराने वाली पिंक बस सेवा का अब विस्तार किया जा रहा है। राजधानी के अलावा यह बस अब आसपास के शहरों तक भी जाएगी। इसी क्रम में बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) ने पटना से हुलासगंज (जहानाबाद) के बीच सीधी एसी पिंक बस सेवा शुरू करने का निर्णय लिया है।
निगम के अनुसार, आगामी 21 सितंबर से इस रूट पर एक एसी बस का नियमित परिचालन शुरू होगा। प्रस्तावित रूट का ट्रायल सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। बस का परिचालन पटना के गांधी मैदान से होगा। निगम ने बताया कि शुरुआती चरण में इस रूट पर एक एसी पिंक बस चलाई जाएगी। यात्रियों की मांग और जरूरत को देखते हुए आने वाले दिनों में बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी।
निगम ने इस रूट के लिए किराया सूची भी जारी कर दी है। पटना से हुलासगंज तक का कुल किराया 155 रुपये निर्धारित किया गया है। निगम का कहना है कि इस सेवा से पटना-जहानाबाद-मसौढ़ी रूट पर रोजाना यात्रा करने वाली महिलाओं और छात्राओं को काफी सहूलियत मिलेगी।
बीच के स्टॉपेज के लिए किराया तय कर दिया गया है। इसके अनुसार पटना से जीरो माइल - 25 रुपये, आईएसबीटी - 30 रुपये, संपतचक - 40 रुपये, बेलदारी चक - 61 रुपये, बीर - 71 रुपये, धनरुआ - 82 रुपये, कोल्हाचक - 91 रुपये, मसौढ़ी - 104 रुपये, जहानाबाद - 120 रुपये और हुलासगंज - 155 रुपये है।










