वोटिंग के बीच नीतीश कुमार पहुंचे जदयू कार्यालय, CM सम्राट चौधरी इस कार्यक्रम में होंगे शामिल
बिहार विधान परिषद की 8 सीटों के लिए शुक्रवार, 23 अक्टूबर को मतदान जारी है। इस बीच बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार पटना स्थित जदयू प्रदेश कार्यालय पहुंचे। वहीं मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एक कार्यक्रम में शामिल होंगे।

बिहार विधान परिषद की 8 सीटों के लिए शुक्रवार, 23 अक्टूबर को मतदान जारी है। स्नातक और शिक्षक निर्वाचन सीटों के लिए सुबह 8 बजे से वोटिंग शुरू है, जो शाम चार बजे तक चलेगा। इन सीटों पर 5,32,847 मतदाता 150 कैंडिडेट की किस्मत का फैसला करेंगे। इस बीच बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार पटना स्थित जदयू प्रदेश कार्यालय पहुंचे। वहीं बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का शुक्रवार का आधिकारिक दैनिक कार्यक्रम जारी किया गया है। जारी कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री आज शाम पटना के बापू सभागार में आयोजित ‘युगप्रवर्तक–डॉक्टर हेडगेवार’ नाटक की प्रस्तुति में शामिल होंगे।
नीतीश कुमार पहुंचे जदयू कार्यालय
दरअसल जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार बिहार एमएलसी चुनाव की वोटिंग के बीच शुक्रवार को पटना स्थित जदयू प्रदेश कार्यालय पहुंचे। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार ने कार्यालय का भ्रमण किया। प्रदेश कार्यालय में मौजूद पार्टी कार्यकर्ताओं से आत्मीय मुलाकात की। नीतीश कुमार ने कार्यकर्ताओं का हालचाल जाना।
मुलाकात के दौरान कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह देखने को मिला। विधान पार्षद ललन सर्राफ भी मौके पर मौजूद रहे। पार्टी के कई वरिष्ठ नेता एवं गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे। जदयू प्रदेश कार्यालय में नीतीश कुमार के दौरे को लेकर हलचल रही। इससे पहले बीते गुरुवार को भी नीतीश कुमार जदयू प्रदेश कार्यालय पहुंचे थे।
सीएम सम्राट चौधरी बापू सभागार में नाट्य प्रस्तुति में होंगे शामिल
निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शाम 5:20 बजे लोक सेवक आवास से बापू सभागार के लिए रवाना होंगे। शाम 5:30 बजे बापू सभागार पहुंचेंगे, जहां नागपुर द्वारा प्रस्तुत संघ सृजन के भव्य नाट्य आविष्कार ‘युगप्रवर्तक–डॉक्टर हेडगेवार’ कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।
कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री शाम 6:10 बजे बापू सभागार से लोक सेवक आवास के लिए प्रस्थान करेंगे। इसके बाद शाम 6:20 बजे उनके लोक सेवक आवास पहुंचने का कार्यक्रम निर्धारित है।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर आधिकारिक दैनिक कार्यक्रम जारी किया गया है, जिसमें उनके प्रस्थान, कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने और वापसी का समय निर्धारित किया गया है।













