बिहार में लगातार दूसरे दिन एनकाउंटर से हड़कंप, मुजफ्फरपुर में हत्या के आरोपी को पुलिस ने दौड़ा कर मारी गोली
बिहार में लगातार दूसरे दिन पुलिस ने अपराधियों का एनकाउंटर किया है। गया में एनकाउंटर के 24 घंटे भी नहीं बीते थे कि पुलिस ने मुजफ्फरपुर में हत्या के आरोपी बदमाश के पैर में गोली मारी है।
बिहार में लगातार दूसरे दिन पुलिस ने अपराधियों का एनकाउंटर किया है। गया में एनकाउंटर के 24 घंटे भी नहीं बीते थे कि पुलिस ने मुजफ्फरपुर में हत्या के आरोपी बदमाश के पैर में गोली मारी है। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। देर रात पुलिस और एक हत्या के आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। जहां पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक अपराधी के पैर में गोली लग गई।
मुजफ्फरपुर के मुसहरी थाना क्षेत्र में भटौलिया पुल के पास देर रात पुलिस और एक हत्या के आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई। वाहन जांच के दौरान पुलिस के रोकने पर अपराधी ने उन पर गोलियां बरसानी शुरू कर दीं. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल अपराधी की पहचान वैशाली जिले के महुआ के रहने वाले अमित कुमार सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
पुलिस का कहना है कि अमित कुमार सिंह हत्या के एक मामले में वांछित था और उसकी तलाश लंबे समय से की जा रही थी। घटना के बाद पुलिस अधिकारियों ने मौके का जायजा लिया और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से हथियार और अन्य साक्ष्य भी बरामद किए जाने की सूचना है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
बताया जा रहा है कि रात के समय पुलिस टीम इलाके में गश्त और वाहन जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध शख्स को रुकने का इशारा किया। तो उसने कथित तौर पर पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। इसके बाद दोनों ओर से गोलीबारी हुई। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिससे अपराधी के पैर में गोली लग गई।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से आरोपी को पकड़ लिया। उसके घायल होने के बाद तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड को खंगाला जा रहा है। बताया जा रहा है कि अमित कुमार सिंह पर हत्या से जुड़े मामले में आरोप है। इसी वजह से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। मुठभेड़ के बाद अब पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।
बता दें कि मंगलवार को गया जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सोना लूटकांड के दो आरोपियों का हाफ एनकाउंटर किया है। दो आरोपियों को पुलिस ने खदेड़कर गोली मारी है। हालांकि मुठभेड़ के दौरान तीन आरोपी भागने में सफल रहे। गया जिले में पुलिस ने 45 लाख के सोना लूट कांड के दो आरोपियों को खदेड़कर पैर में गोली मारी। दोनों को इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। आमस थाना क्षेत्र के बनाही मोड़ के पास ये हाफ एनकाउंटर हुआ।