जमीन के नीचे गड्ढा खोदकर छिपाई गई 500 लीटर विदेशी शराब बरामद, 2,042 बोतलें जब्त
मधेपुरा जिले के कुमारखंड प्रखंड अंतर्गत बेलारी थाना क्षेत्र में पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जमीन के नीचे गड्ढा खोदकर छिपाकर रखी गई करीब 500 लीटर विदेशी शराब बरामद की है।

मधेपुरा : मधेपुरा जिले के कुमारखंड प्रखंड अंतर्गत बेलारी थाना क्षेत्र में पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जमीन के नीचे गड्ढा खोदकर छिपाकर रखी गई करीब 500 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से इंपीरियल ब्लू ब्रांड की कुल 2,042 बोतलें जब्त की हैं। शराब की बरामदगी बिशनपुर कोरलाही पंचायत के जमुआहा टोला स्थित वार्ड संख्या-4 से आगे पररिया-कोहवाड़ा जाने वाली सड़क के किनारे बहियार में की गई।
बहियार में जमीन के नीचे गड्ढा खोदकर बड़ी मात्रा में विदेशी शराब छिपाकर रखी गई है - बेलारी SHO
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बेलारी थानाध्यक्ष स्नेहा कुमारी को गुप्त सूचना मिली थी कि बहियार में जमीन के नीचे गड्ढा खोदकर बड़ी मात्रा में विदेशी शराब छिपाकर रखी गई है। सूचना मिलते ही उन्होंने पुलिस टीम के साथ चिह्नित स्थान पर छापेमारी की। इस दौरान सड़क किनारे मिट्टी के नीचे छिपाकर रखी गई शराब बरामद हुई। पुलिसकर्मियों ने मिट्टी हटाकर बोतलों को बाहर निकाला और उन्हें जब्त कर लिया। पुलिस के अनुसार, बरामद शराब में इंपीरियल ब्लू ब्रांड की 375 एमएल की 545 बोतलें, 180 एमएल की 1,449 बोतलें और 750 एमएल की 48 बोतलें शामिल हैं। इस प्रकार कुल 2,042 बोतलें जब्त की गईं।
गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की गई थी - स्नेहा कुमारी
बेलारी थानाध्यक्ष स्नेहा कुमारी ने शराब बरामदगी की पुष्टि करते हुए बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की गई थी। जमीन के नीचे गड्ढा खोदकर छिपाकर रखी गई विदेशी शराब बरामद की गई है। मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब किसने छिपाकर रखी थी और इसकी आपूर्ति कहां की जानी थी। मामले की जांच के बाद ही शराब तस्करी में संलिप्त लोगों के बारे में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।
मधेपुरा से रविकांत कुमार की रिपोर्ट













