संदेश थाना परिसर के बैरक में चली गोली, होमगार्ड जवान की मौत
भोजपुर जिले के संदेश थाना परिसर स्थित बैरक में रविवार की देर रात गोली लगने से एक होमगार्ड जवान की मौत हो गई। मृत जवान की पहचान सहार थाना क्षेत्र के गुलजारपुर गांव निवासी प्रेम शंकर राय के पुत्र मोनल कुमार राय (25) के रूप में हुई है।

आरा : भोजपुर जिले के संदेश थाना परिसर स्थित बैरक में रविवार की देर रात गोली लगने से एक होमगार्ड जवान की मौत हो गई। मृत जवान की पहचान सहार थाना क्षेत्र के गुलजारपुर गांव निवासी प्रेम शंकर राय के पुत्र मोनल कुमार राय (25) के रूप में हुई है। घटना के बाद थाना परिसर में अफरा-तफरी मच गई। थाने के बैरक में गोली चलने और जवान की मौत की खबर से पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया।
बैरक में थ्री नॉट थ्री सर्विस राइफल से गोली चली, जो जवान के पेट में लगी
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बैरक में थ्री नॉट थ्री सर्विस राइफल से गोली चली, जो जवान के पेट में लगी। गोली लगने के बाद जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। घटना के बाद एक साथी जवान के फरार होने की बात भी सामने आई है। हालांकि, गोली चलने की वास्तविक वजह और घटना में किसी अन्य जवान की भूमिका को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। सूत्रों का कहना है कि आपसी कहासुनी में एक जवान ने दूसरे को गोली मार दी और फरार हो गया।
SP ने अस्पताल पहुंचकर ली जानकारी
घटना की सूचना मिलने के बाद भोजपुर के एसपी अवधेश दीक्षित अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस अधिकारियों की ओर से घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गोली दुर्घटनावश चली या किसी विवाद के दौरान फायरिंग हुई थी। साथ ही, घटना के समय बैरक में मौजूद जवानों और अन्य परिस्थितियों की भी पड़ताल की जा रही है। थाना परिसर के अंदर हुई इस घटना ने पुलिसकर्मियों की सुरक्षा और हथियारों के रखरखाव को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल, घटना के कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। घटना को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।
आरा से दीपक गुप्ता की रिपोर्ट













