व्यापारी पिता-पुत्र को अपराधियों ने मारी गोली, इलाके में दहशत, जांच में जुटी पुलिस
बिहार के खगड़िया जिला मुख्यालय के नगर थाना क्षेत्र स्थित पुरानी एसडीओ रोड (प्लाई मिल गली) में व्यवसायी पिता-पुत्र सज्जन खेतान और कन्हैया खेतान को अपराधियों द्वारा मंगलवार की बीती रात गोली मारे जाने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है।

खगड़िया : बिहार के खगड़िया जिला मुख्यालय के नगर थाना क्षेत्र स्थित पुरानी एसडीओ रोड (प्लाई मिल गली) में व्यवसायी पिता-पुत्र सज्जन खेतान और कन्हैया खेतान को अपराधियों द्वारा मंगलवार की बीती रात गोली मारे जाने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। घटना के बाद खगड़िया के पुलिस अधीक्षक (SP) भानु प्रताप सिंह पूरी तरह एक्शन मोड में हैं।
बाइक सवार 2 बेखौफ अपराधियों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी
मंगलवार की देर शाम प्लाई कारोबारी सज्जन खेतान (60 वर्ष) अपने पुत्र कन्हैया खेतान (30 वर्ष) के साथ दुकान बंद कर पैदल घर लौट रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो बेखौफ अपराधियों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। गोलीबारी में पिता सज्जन खेतान के कंधे/पीठ में और पुत्र कन्हैया के हाथ में गोली लगी है। स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए बेगूसराय रेफर किया गया है, और फिलहाल दोनों खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।
अपराधी पहले से घात लगाए तैयार थे - व्यवसायी संदीप केडिया
व्यवसायी संदीप केडिया ने बताया कि अपराधी पहले से घात लगाए तैयार थे। अपराधियों ने व्यवसायी पिता-पुत्र पर गोलियां चलाईं। दुकान बंद कर घर लौटने के दौरान रास्ते में अंधेरा होने पर बाइक सवार अपराधियों ने सज्जन खेतान को निशाना बनाया। उन्हें बचाने की कोशिश में उनके बेटे कन्हैया खेतान को भी गोली लगी। हालांकि उनके साथ मौजूद स्टाफ गोलीबारी में बच गया। पुलिस घटना के पीछे की वजह तलाश रही है। अपराधियों की पहचान नहीं हो पाई है। सीसीटीवी आसपास है या नहीं, यह देखा जा रहा है। नगर थाना पुलिस छानबीन में जुटी है।
SP अपराधियों को खुली चेतावनी देते हुए कहा- 24 घंटे के भीतर दोषियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा, इस मामले में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा
वारदात की सूचना मिलते ही खगड़िया पुलिस मुस्तैद हो गई है। एसपी भानु प्रताप सिंह ने अपराधियों को खुली चेतावनी देते हुए कहा है कि 24 घंटे के भीतर दोषियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा और इस मामले में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। उक्त मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है। घटनास्थल पर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल की टीम भी बुलाई गई है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।











