दीपावली की खुशियां मातम में बदली, भीषण सड़क हादसे में 2 सगे भाई समेत 3 की मौत, 2 गंभीर
नालंदा में दीपावली की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं। जब एक भीषण सड़क हादसे में दो सगे भाई समेत तीन युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गए।

नालंदा : नालंदा में दीपावली की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं। जब एक भीषण सड़क हादसे में दो सगे भाई समेत तीन युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घटना हरनौत थाना क्षेत्र के हरनौत बाजार की है। मृतकों की पहचान अनीश कुमार, गौतम कुमार और मन्नू कुमार के रूप में हुई है। वहीं जख्मी अमित कुमार और रवि कुमार का इलाज बिहारशरीफ सदर अस्पताल में चल रहा है।
सभी युवक घर के बाहर पटाखे फोड़ रहे थे, पटाखे खत्म होने के बाद पांचों युवक खरीदने हरनौत बाजार गए थे
बताया जा रहा है कि सभी युवक घर के बाहर पटाखे फोड़ रहे थे। पटाखे खत्म होने के बाद पांचों युवक पटाखे खरीदने हरनौत बाजार गए थे। इसी दौरान वे भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गए। हादसे में मारे गए मन्नू और अनीश आपस में सगे भाई बताए जा रहे हैं। वहीं जख्मी रवि कुमार की शादी आगामी 21 नवंबर को होने वाली थी। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। जिन घरों में त्योहार की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां अब मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
नालंदा से मिथुन कुमार की रिपोर्ट











