खैरा खेल भवन-व्यायामशाला के बेहतर संचालन के लिए MoU पर हस्ताक्षर, जमुई की खेल प्रतिभाओं को मिलेगी नई उड़ान
जमुई की धरती पर प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत है उन्हें सही दिशा और बेहतर अवसर देने की। इसी सोच के साथ जिला प्रशासन जमुई ने एक बड़ी पहल की है।

जमुई : जमुई की धरती पर प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत है उन्हें सही दिशा और बेहतर अवसर देने की। इसी सोच के साथ जिला प्रशासन जमुई ने एक बड़ी पहल की है। मंगलवार को समाहरणालय स्थित संवाद कक्ष में जिला प्रशासन जमुई एवं जेएम फाइनेंशियल फाउंडेशन के बीच खैरा स्थित खेल भवन सह व्यायामशाला के पुनरुद्धार, संचालन एवं प्रबंधन को लेकर समझौता पत्र (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस एमओयू के तहत खेल भवन को आधुनिक एवं बहुआयामी प्रशिक्षण केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां बच्चों और युवाओं को विभिन्न खेलों के साथ शारीरिक फिटनेस एवं व्यक्तित्व विकास की सुविधाएं मिलेंगी।
डीएम ने कहा - जमुई को खेल के क्षेत्र में भी मिलेगी पहचान
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने कहा कि प्रशासन की परिकल्पना है कि जिले की खेल प्रतिभाओं को शुरुआती स्तर से ही विशेषज्ञ प्रशिक्षण, आधुनिक संसाधन एवं उचित मार्गदर्शन मिले। उन्होंने कहा कि जमुई में विकास की नई संभावनाएं आकार ले रही हैं और हम चाहते हैं कि जमुई की पहचान पर्यटन, सांस्कृतिक संरक्षण और उद्योग के साथ खेल के क्षेत्र में भी स्थापित हो। यहां के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक लाकर जिले का नाम रोशन करें।
जेएम फाउंडेशन - 2016 से जमुई में कर रहा है काम
जेएम फाइनेंशियल फाउंडेशन की ट्रस्टी, कार्यकारी निदेशक एवं ग्रुप हेड सीएसआर पूजा दवे ने कहा कि जमुई के लोग बेहद प्रतिभाशाली हैं। फाउंडेशन ने वर्ष 2016 से जमुई में सीएसआर गतिविधियां शुरू की थीं। शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं आजीविका के साथ खेल विकास पर भी काम किया जा रहा है।
फाउंडेशन की खेल विकास परियोजना वर्ष 2021 से जमुई में संचालित है
उन्होंने बताया कि फाउंडेशन की खेल विकास परियोजना वर्ष 2021 से जमुई में संचालित है। जिले के छह प्रखंडों में आठ प्रशिक्षण केंद्रों पर एथलेटिक्स एवं फुटबॉल का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। अब तक दो हजार से अधिक बच्चे इस परियोजना से जुड़ चुके हैं, जबकि लगभग 1000 बच्चे नियमित प्रशिक्षण ले रहे हैं। इन खिलाड़ियों ने खेलो इंडिया, SGFI, सुब्रतो कप और AIFF जैसी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक हासिल किए हैं।
कैसा होगा नया खेल भवन?
भूतल - आधुनिक जिम - कार्डियो, वेट एवं फंक्शनल ट्रेनिंग
प्रथम तल - तायक्वोंडो एवं कुश्ती का प्रशिक्षण
ऊपरी मंजिल : टेबल टेनिस, शतरंज, कैरम, योग, जुम्बा और एरोबिक्स
खैरा स्थित 3 मंजिला खेल भवन की प्रत्येक मंजिल लगभग 10,000 वर्ग फुट में फैली है
खैरा स्थित तीन मंजिला खेल भवन की प्रत्येक मंजिल लगभग 10 हजार वर्ग फुट में फैली है। इसके लिए अनुभवी पेशेवर प्रशिक्षकों की सेवाएं ली जाएंगी। इसका सबसे ज्यादा लाभ ग्रामीण एवं सुदूरवर्ती क्षेत्रों की प्रतिभाओं को मिलेगा। इस कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, जिला स्तरीय पदाधिकारी, जेएम फाइनेंशियल ग्रुप के सदस्य एवं मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे।
जमुई से हेमंत सक्सेना की रिपोर्ट











